बढ़पुरा थाना क्षेत्र के गांव अजबपुर में बुधवार देर शाम को किसान का शव उसी के खेत में मिला। शरीर पर धारदार हथियार से प्रहार किए जाने के निशान हैं। रात में आला अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया है।
थाना क्षेत्र के गांव अजबपुर निवासी प्रेम नारायण (46) पुत्र स्वामी चरण बुधवार दोपहर को अपने खेत में खड़ी चरी की फसल की रखवाली करने के लिए गए थे। तभी उनकी धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। शाम को जब प्रेम नारायण घर नहीं पहुंचे तो उनका पुत्र श्रीकांत उन्हें तलाशता हुआ खेतों पर गया। खेत में प्रेम नारायण का शव पड़ा मिला। उनके सिर पर किसी धारदार हथियार के कई वार हैं। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक बढ़पुरा सुशील योगी मय फोर्स के मौके पर पहुंचे। इसके बाद एसपी ग्रामीण रामबदन सिंह, सीओ जसवंतनगर वैभव पांडे भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
फोरेंसिक टीम ने फिंगर प्रिंट व अन्य सबूत जुटाए। बताया जा रहा है कि पिछले दिनों खेत में जानवर के घुसने को लेकर उनका पड़ोस के गांव के लोगों से विवाद हुआ था। पुलिस इस पहलू पर भी जांच कर रही है। प्रभारी निरीक्षक सुशील योगी ने बताया कि किसान के सिर पर धारदार हथियार से वार के निशान हैं। जांच चल रही है। अभी तहरीर नही दी गई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।