एक महिला को फेसबुक की दोस्ती महंगी पड़ गई। उसने पुलिस को तहरीर सौंपकर अपने फौजी दोस्त पर शारीरिक शोषण ,पति से तलाक कराने तथा एक मंदिर में शादी के बाद मुकरने का आरोप लगाया है।
तहरीर में महिला ने कहा कि फेसबुक पर क्षेत्र निवासी एक फौजी युवक से उसकी दोस्ती हुई। दिसंबर 2018 में युवक ने उसे एक होटल में बुलाया और जबरन शारीरिक संबंध बनाए। उसने धमकाकर कहा कि अगर किसी को बताया तो वह महिला के पति को सब कुछ बता देगा। महिला का आरोप है कि उसने अपने पति को घटना के बारे में बताया तो पति ने उसे घर से निकाल दिया।
फरवरी 2019 में वह घटना की पुलिस से शिकायत करने आ रही थी कि आरोपी थाने के बजाय झांसा देकर दिल्ली ले गया। उसने कहा कि उसका पति उसे तलाक दे देगा तो वह उससे शादी करेगा। दिल्ली में भी जबरन शारीरिक शोषण किया। आरोप लगाया कि आरोपी के षड्यंत्र में फंसकर उसके पति ने उसे तलाक दे दिया और आरोपी ने उससे एक मंदिर में शादी कर ली। कुछ दिनों तक वह शारीरिक शोषण करता रहा और इसके बाद अपनी यूनिट में चला गया। अब आरोपी उससे कोई रिश्ता नहीं रखना चाहता। कोतवाल संजय पाठक ने बताया कि मामले की जांच जारी है।