मार्च्युरी हाउस में वृद्धा के गमगीन परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा-टांडा हाईवे पर बाइक की टक्कर से वृद्ध महिला की मौत हो गई। परिजनों ने पहले पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। इसको लेकर पुलिस से नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने समझाया तो पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार हुए।
गाजीपुर थाना क्षेत्र के शाह कस्बा निवासी शिवबली उर्फ सूरजबली की पत्नी महाबीरिया (60) सुबह सब्जी खरीदने के लिए कस्बा जा रही थीं। तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी। वह उछलकर दूर जा गिरीं।
हादसे के बाद इलाके के लोग इकट्ठा हो गए। सूचना पर चौकी इंचार्ज संगम लाल प्रजापति पहुंचे। एंबुलेंस से वृद्धा को जिला अस्पताल भेजा गया। डाक्टरों ने वृद्धा को मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम कराने की बात पर परिजनों ने हंगामा किया। बाद में वे लोग राजी हो गए। वृद्धा की मौत से बहू गोमती देवी का रो-रो कर हाल बेहाल रहा। चौकी इंचार्ज ने बताया कि बाइक सवार का कोई सुराग नहीं लगा है। उसकी छानबीन की जा रही है।