मोहल्ला ऊंचाटीला में छह मरुआ कुंआ के पास एक निजी क्लीनिक पर दवा लेने आए बुजुर्ग की मौत हो गई। इधर, डाक्टर भी क्लीनिक बंद कर चला गया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी। मृतक के बेटे ने थाने में तहरीर देकर डाक्टर पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया है।
थाना क्षेत्र के गांव तर्रई निवासी नाथूराम (65) काफ ी दिनों से बीमार थे। शनिवार को तीन बजे वह मोहल्ला ऊंचाटीला में छह मरूआ कुंआ के सामने स्थित एक क्लीनिक पर दवा लेने के लिए आए थे। डाक्टर ने उसे बेंच पर लिटा दिया। कुछ देर बाद जब लोगों ने देखा तो नाथूराम की मौत हो चुकी थी। किसी ने थानाध्यक्ष को फोन कर दिया। सूचना पर मौके पर पहुंचे कस्बा इंचार्ज चंद्रिका प्रसाद ने मृतक नाथूराम के घर वालों को सूचना दी।
मृतक के भतीजे व बेटे पहुंच गए। मृतक के पुत्र सत्यप्रकाश ने बताया कि डाक्टर ने गलत इंजेक्शन लगाकर लिटा दिया। गलत इंजेक्शन लगने से उसके पिता की मौत हुई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष अनिल पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। डाक्टर झोलाछाप था या नही इसकी भी जांच की जाएगी।