पहले की रेकी, सात मिनट में डाली डकैती
थाने के पास पड़ी डकैती ने जिले में पुलिस चौकसी की पोल खोल दी है। बदमाशों ने कुछ दिन पूर्व रेकी की थी और बुधवार को मात्र सात मिनट में करीब दो करोड़ का माल ले गए। पुलिस ने मार्केट के 10 से अधिक दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर लेकर जांच की तो पूरा घटनाक्रम पता चला।
सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों की कद काठी और बाइक के आधार पर पुलिस उन्हें तलाश रही है। सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि लाल रंग की बाइक पर दो बदमाश आगे चल रहे थे। बाइक चला रहे युवक ने हेलमेट पहना है। लाल बाइक के पीछे काले रंग बाइक थी।
दोनों बाइक 100 मीटर दूर थीं। काली बाइक पर तीन बदमाश थे। बाइक चला रहे युवक ने हेलमेट पहना है, जबकि पीछे बैठे दोनों बदमाश मास्क लगाए हुए हैं। दोपहर करीब 1.12 बजे बदमाश दुकान में घुसे। मार्केट में घुसने और निकलने का एक-एक ही रास्ता था। बदमाशों ने वारदात के लिए मुख्य रास्ते को चुना और भागने के लिए साधारण रास्ते से रेलवे स्टेशन की ओर निकल गए।
एसएसपी ने करीब एक घंटे तक बंद दुकान में पीड़ित सराफ राहुल से पूछताछ की। एसएसपी ने बताया कि गोविंदपुरम में सराफ और श्याम पार्क मेन में हुई दोनों घटनाएं करीब एक जैसी हैं।