मुंशीगंज थाने के दरपीपुर गांव के पास सोमवार सुबह एक कार बेकाबू होकर खड्ड में पलट गई। दुर्घटना में कार सवार व्यवसायी व चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे लोगों ने एंबुलेंस की मदद से दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां व्यवसायी की मौत हो गई। जिला अस्पताल में चालक का इलाज चल रहा है।
सुल्तानपुर जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र के बाधमंडी निवासी नमक व्यवसायी गंगा प्रसाद कसौधन (58) किसी काम के सिलसिले में लाल का पुरवा निवासी चालक सलीम (35) के साथ कार से रविवार को लखनऊ गए थे। लखनऊ से वापस आते समय मुंशीगंज थाने के दरपीपुर गांव के पास सोमवार सुबह कार अनियंत्रित होकर खड्ड में पलट गई। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मौके पर भीड़ जमा हो गई।
लोगों ने कार को सीधा कर गंगा प्रसाद व सलीम को बाहर निकाला। दोनों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान गंगा प्रसाद की मौत हो गई। जिला अस्पताल में चालक सलीम का इलाज चल रहा है। मौत की सूचना पर अस्पताल पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी गंगा प्रसाद व सलीम के परिवारीजनों को देते हुए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। व्यवसायी की मौत के बाद सुल्तानपुर के बाधमंडी में कोहराम मचा है। शोक में आसपास के दुकानदारों ने दुकानें बंद रखीं।