चंडीगढ़ में अफगानी छात्र से मारपीट
- फोटो : Demo Pic
चंडीगढ़ सेक्टर-15 स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ रहे अफगानी छात्र से स्कूल के ही कुछ छात्रों ने वीरवार को मारपीट की। विदेशी छात्र को काफी चोट आईं हैं। पुलिस को मामले में शिकायत दी गई है।
मामला वीरवार दोपहर का है। जब हॉफ डे के समय सभी स्टूडेंट्स स्कूल से बाहर निकले। इसी दौरान किसी बात को लेकर 11वीं के छात्रों ने अफगानी स्टूडेंट को घेर लिया। पहले उनमें कहासुनी हुई। इसके बाद नौबत मारपीट तक पहुंच गई। छात्रों ने विदेशी छात्र को जमकर पीटा। इससे उसके कान और अन्य जगह चोटें आई हैं।
मारपीट की सूचना किसी ने स्कूल प्रबंधन को दी तो स्कूल की ओर से वहां कुछ लोगों के पहुंचने से पहले ही मारपीट करने वाले छात्र फरार हो गए। घायल विदेशी छात्र को जीएमएसएच-16 में भर्ती कराया गया है। वहीं मामले में शिकायत के आधार पर सेक्टर-11 थाना पुलिस ने डीडीआर दर्ज कर ली है।