फोजेल से बाहर निकलते डीआईजी जेल इलाहाबाद
- फोटो : amarujala
महोबा। उपकारागार में हुई कैदी की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। जेल में बंद अपने साथी की मौत के बाद से जेल के बंदियों ने दो दिन से खाना नहीं खाया है। गुरुवार को जांच करने पहुंचे डीआईजी जेल इलाहाबाद बीएल वर्मा ने कैदियों को समझा-बूझाकर भोजन करवाया। तीन घंटे तक जेल के अंदर रहे डीआईजी ने सीसीटीवी के फुटेज खंगाले। उधर, एडीएम पूनम निगम भी अपने टीम के साथ मजिस्ट्रेटी जांच करने में जुट गई हैं।
जेल से निरीक्षण कर बाहर निकले डीआईजी जेल ने बताया कि बुधवार से कैदियों ने भोजन नहीं किया है। पूछने पर बताया कि जेल में भोजन अच्छा नहीं मिलता है। इस पर डीआईजी ने जेलर को गुणवत्तापूर्ण भोजन देने के निर्देश दिए। डीआईजी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद कहीं पर भी मारपीट जैसी घटना नहीं दिखी है। उन्होंने बताया कि आईजी जेल के निर्देश पर जांच करने आया हूं। जांच रिपार्ट आईजी को सौंप दी जाएगी। उन्हें कैदी की मौत हार्ट अटैक से बताई गई है। जो पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। अपर जिलाधिकारी पूनम निगम ने भी कैदी की मौत के बाबत जांच शुरू कर दी है। उनका कहना है कि अभी जांच चल रही है। जांच होने के बाद ही कुछ बताया जा सकता है। उधर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुमन का कहना है कि कैदी का पोस्टमार्टम हो चुका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट अधिकारियों को भेज दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट गोपनीय होने के कारण अभी बताया नहीं जा सकता है।