बरामद शराब के बारे में कोतवाल से जानकारी लेते सीओ।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
कोतवाली पुलिस ने खुफिया विभाग की सूचना पर कस्बा प्रेमपुर में एक दुकान व बंबा पुलिया के पास बने मकान में छापा मारकर अरुणाचल प्रदेश की 524 पेटी देशी शराब बरामद की है। शराब की कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई जा रही है। मौके से शराब की बिक्री कर रहे एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। उसने बताया बरामद माल क्षेत्र के एक पूर्व प्रधान का है।
प्रेमपुर में अवैध शराब के कारोबार को लेकर काफी चर्चाएं थीं। इसी आधार पर एलआईयू ने अपनी छानबीन के बाद सूचना कोतवाली पुलिस को दी। मंगलवार शाम कोतवाल संतोष कुमार व्यास, कस्बा इंचार्ज दिलीप सिंह ने पुलिस बल के साथ डालूपुर निवासी शिशुपाल की दुकान पर छापा मारा तो यहां उन्हें अरुणाचल प्रदेश की शराब मिली।
मौके पर मिले डालूपुर के रामवीर की निशानदेही पर बंबा पुलिया के पास बने शिशुपाल के ही मकान में भी पुलिस ने छापा मारा। यहां कमरों में शराब के सैकड़ों गत्ते भरे पड़े थे। पुलिस ने दो लोडर व एक ट्रैक्टर ट्राली में पूरा माल भरवाया और उसे कोतवाली ले आई। पुलिस की माने तो लगभग 524 पेटी देशी शराब बरामद हुई है। एक पेटी में 24 क्वाटर हैं।
इस हिसाब से करीब 12576 क्वाटर शराब पुलिस ने बरामद की है। एक क्वाटर की कीमत 65 रुपये बताई गई है। वहीं हिरासत में लिए गए रामवीर ने बताया कि बरामद माल क्षेत्र के एक पूर्व ग्राम प्रधान का है। कोतवाल ने बताया कि आबकारी अधिकारी को मामले से अवगत करा दिया गया है।
दुकान पर न सिर्फ शराब मिली है बल्कि यहां गिलास से नमकीन पानी सारी व्यवस्था थी। लोगों को शराब देकर पिलाने का काम भी हो रहा था। अभी तक ज्यादातर हरियाणा या पंजाब की शराब के पकड़ने जाने का ही मामला सामने आता रहा है, लेकिन इतनी बड़ी मात्रा में अरुणाचल की शराब मिलना पुलिस के भी कान खड़े कर रहा है।