खौड़ थाने में पूर्व थाना प्रभारी द्वारा दुष्कर्म करने के मामले में कुछ अन्य पुलिसकर्मियों के शामिल होने की आशंका है। यह बात पुलिस की प्रारंभिक जांच में पाया जा रहा है।
वहीं दूसरी ओर क्षेत्र के विभिन्न संगठनों ने राज्य सरकार से मांग की है कि मामले में एक सिट का गठन किया जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और इसमें शामिल अन्य की गिरफ्तारी हो सके। इससे थाने में तैनात कर्मियों में हड़कंप की स्थिति है। जानकारी के अनुसार खौड़ थाने के पूर्व थाना प्रभारी इकबाल और आरोपी महिला एसपीओ से अलग-अलग पूछताछ की गई है।
एसडीपीओ गुरविंदर सिंह की अगुवाई में चल रही जांच में थाने में बने लाकअप के बजाय विशेष रूम में आरोपी पूर्व थाना प्रभारी इकबाल और महिला एसपीओ को अलग-अलग रखा गया है, जहां हर सुविधाएं दी जा रहीं। इससे पहले मेडिकल जांच के दौरान भी बिना हथकड़ी के उन्हें ले जाया गया था। इस तरह विभाग द्वारा आरोपी के प्रति नरमी दिखाई जा रही।