वारंटी की तलाश में जा रहे बाइक सवार एक पुलिस कांस्टेबल की आज सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा लोडिंग पिकअप की टक्कर से हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोडिंग को जब्त कर लिया, जबकि ड्राइवर मौके से भाग निकला। हादसा जयपुर के कानोता थाना इलाके में हुआ।
हादसे का शिकार 29 वर्षीय कांस्टेबल नरेश शर्मा मूल रूप से अलवर जिले का रहने वाला था। वह वर्ष 2008 में राजस्थान पुलिस में भर्ती हुआ था। फिलहाल जयपुर कमिश्नरेट के पूर्व जिले में कानोता थाने में तैनात था। बीती रात को वह नाइट ड्यूटी पर था। पुलिस के मुताबिक आज वह स्टैंडिंग वारंटी की तलाश में बाइक से कहीं जा रहा था। तभी सांभरिया रोड पर तेज रफ्तार लोडिंग पिकअप ने नरेश की बाइक को टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर घायल हो गया।
हादसे का पता चलने पर कानोता थाने की पुलिस चेतक ने तत्काल कांस्टेबल नरेश को एसएमएस अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान नरेश ने दम तोड़ दिया। साथी कांस्टेबल की मौत की सूचना से पुलिस महकमे में शोक छा गया। दोपहर को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।