धार्मिक स्थल पर तालाब पाटने से गुस्सा
संभल।
शहर से सटे मोहल्ला हौज भदेसराय तीर्थ तालाब को भू-माफियाओं ने खनन माफियाओं की मिलीभगत से पाट दिया। तालाब को पाटे जाने से हिंदू संगठनों में आक्रोश है। बुधवार की रात मिट्टी डालकर तालाब को पाटा जा रहा था। जानकारी के बाद हिंदू संगठनों के लोग पहुंचे। पुलिस को सूचना दी। पुलिस नहीं पहुंची तो माफियाओं को देख हिंदू संगठनों के लोग वापस आ गए।
आरोप है कि हौज भदेसराय तीर्थ को दंबग लोग खनन माफियाओं की मिलीभगत से पाट रहे हैं। हयातनगर थाना क्षेत्र के कई स्थानों से अवैध खनन कर मिट्टी को ढोया जा रहा है। मिट्टी डालकर तालाब को पाटा जा रहा है। शिकायत के बाद कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है। बुधवार की रात हिंदु युवा वाहिनी के कार्यकर्ता तीर्थ तालाब पर जा पहुंचे। जहां तालाब को पाटा जा रहा था। दंबगों को देखकर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने थाना पुलिस को सूचना दी लेकिन पुलिस नहीं पहुंची। इसके बाद कार्यकर्ता वापस लौट आए।