हथियार दिखाकर दो भाइयों का अपहरण किया
पलवल। केएमपी मार्ग पर गांव महेशपुर के पास एक होटल से दो भाइयों का हथियार के बल पर अपहरण करने व लूटपाट करने का मामला सामने आया है। सदर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी राजवीर सिंह के अनुसार, गांव महेशपुर निवासी राहुल ने शिकायत दर्ज कराई है कि गांव के पास केएमपी मार्ग पर उन्होंने अपना होटल खोला हुआ है। 3 जुलाई की रात को होटल पर राहुल व उसका भाई नरेश मौजूद थे। तभी एक मैक्स गाड़ी आकर रुकी जिसमें चार व्यक्ति उतरे और हथियार के बल पर दोनों भाइयों का अपहरण कर लिया। लगभग तीन-चार घंटे इधर-उधर घुमाते रहे। इसी दौरान उक्त लोगों ने दोनों भाइयों से दो मोबाइल फोन व 14 हजार रुपये लूट लिए और गांव धतीर के पास जंगलों में छोड़कर फरार हो गए। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों भाई जब सुबह होटल पर पहुंचे तो वहां पर खाना खा रहे लोगों ने बताया उनका अपहरण करने वाले गांव धतीर निवासी ओमप्रकाश, उमेश व विष्णु तथा गांव जैंदापुर निवासी महेश थे। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दी।