कार सवार बदमाशों ने बाइक व मोबाइल लूटा
होडल। क्षेत्र में लूटपाट व चोरी की घटनाएं पुलिस की मुस्तैदी के बाद भी थमने का नाम नही ले रही हैं। बृहस्पतिवार को गांव सेवली में बहीन रोड पर सुबह 9 बजे के करीब दिनदहाड़े कार सवार अज्ञात तीन बदमाशों ने एक युवक से बंदूक की नोक पर मोटरसाइकिल व मोबाइल फोन लूट लिया। मुंडकटी चौकी पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस जांच अधिकारी एएसआई जीतराम ने जानकारी देते हुए बताया की हथीन के गांव अंधाकी निवासी जुनैद पुत्र साहुन ने चौकी में शिकायत दी कि वह बुधवार की सुबह अपने गांव से अपनी सुसराल नांगला अहसानपुर जा रहा था। जैसे ही वह गांव सेवली की समीप पहुंचा गाड़ी में सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उसके सामने अपनी गाड़ी लगा दी और एक बदमाश ने उसके सिर पर कट्टा लगा कर मोटरसाइकिल व मोबाइल फोन छीन कर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ब्यूरो