बुलंदशहर के पहासू में तीन बार तलाक कहकर पति ने हमेशा के लिए रिश्ता खत्म करते हुए पत्नी को घर से बाहर निकाल दिया। आरोप है कि दो बेटियां होने के कारण ससुराल वाले उसे हमेशा ताने देते हैं। वहीं पति दूसरी शादी करना चाहता है। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्र के गांव सारंगपुर निवासी आशिया ने बताया कि उसकी शादी 10-11 वर्ष पूर्व अलीगढ़ के थाना छर्रा क्षेत्र के गांव रसैनी में एक युवक के साथ हुई थी। इस दौरान उसने दो बेटे और दो बेटी को जन्म दिया। उनमें से दो बेटों की मौत हो गई।
अब सिर्फ उसके पास दो बेटियां हैं। आरोप है कि ससुराल के लोग बेटी होने पर ताने मार रहे हैं। आरोप है कि आए दिन ससुराल में उसे प्रताड़ित किया जाता था। कई बार मारपीट की गई और खाने के लिए खाना तक नहीं दिया गया।
आरोप है कि पत्नी से छुटकारा पाने और दूसरी शादी रचाने के लिए ससुरालवालों ने 19 जून को तीन बार तलाक बोल कर रिश्ता खत्म करने की बात कही और आशिया को घर से निकाल कर उसे उसके मायके सारंगपुर छोड़ आये।
मायके में जब आस पड़ोस के लोगों ने विरोध किया तो उनसे कह दिया कि तीन तलाक बोल कर रिश्ता खत्म कर चुका है। पीड़िता ने पहासू थाने में आरोपी ससुरालियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी महेश राठौर ने बताया कि तीन तलाक अलीगढ़ में दिया गया है। ऐसे में वहीं कार्रवाई के लिए तहरीर देनी चाहिए। उत्पीड़न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।