तेज रफ्तार रोडवेज ने ई-रिक्शा में मारी टक्कर, चार घायल
- सभी घायलों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया
अमर उजाला ब्यूरो
खुर्जा। मोहल्ला मुरारीनगर पहासू मार्ग निवासी गनुआ खान ई-रिक्शा चालक है। मंगलवार दोपहर को वह अपनी पत्नी राजिया, पुत्री रूबिया और पुत्र बंटी के साथ ई-रिक्शा से गभाना जा रहा था। जब वह हाईवे-91 पर गांव झमका के निकट पहुंचा, तो इसी दौरान पीछे से ई-रिक्शा को रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। रोडवेज बस की टक्कर लगने से ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में रिक्शा सवार चारों लोग बुरी तरह से घायल हो गए। घायलों की चीखपुकार सुनकर मौके पर काफी लोग एकत्र हो गए। उन्होंने फोन करके पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। जहां से चिकित्सकों ने बंटी को हायर सेंटर रेफर कर दिया। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। उधर चालक मौके से रोडवेज लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत करते हुए चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।