टैक्सी चालक से मारपीट कर नकदी-टैक्सी लूटी
खुर्जा। रायबरेली जनपद के गांव कचौरा मध्यनपुर निवासी पवन कुमार मिश्रा पुत्र जगदीश चंद्र मिश्रा नोएडा स्थित एक कंपनी में टैक्सी चलाता है। सोमवार को कासना से तीन लोगों ने खुर्जा के लिए उसकी टैक्सी को बुक किया। जिसके बाद वह देर रात टैक्सी से खुर्जा पहुंचे। जहां तीनों ने चालक से गभाना क्षेत्र में छोड़कर आने की बात कहीं। जिस पर चालक उन्हें गभाना ले जाने लगा। इसी दौरान रास्ते में अरनिया थाना क्षेत्र के गांव दशहरा के समीप चामंड मंदिर के पास टैक्सी को रुकवा लिया। जिसके बाद बदमाशों ने चालक के साथ मारपीट करते हुए जेब में रखे मोबाइल, साढ़े आठ हजार रुपये नकद और टैक्सी लूट ली। बदमाश चालक को सड़क पर फेंककर अलीगढ़ की तरफ फरार हो गए। बदमाशों के फरार होने के बाद चालक ने किसी तरह पुलिस को सूचित किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को साथ में लेकर बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। छानबीन के दौरान अरनिया पुलिस को मंगलवार सुबह टैक्सी अलीगढ़ जनपद में चांदगढ़ स्थित नहर के निकट खड़ी हुई मिली। जिस पर पुलिस उसे थाने ले आई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी है। एसओ अरनिया ने बताया कि चालक की तहरीर पर बदमाशों की तलाश की जा रही है।