पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह ने अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी को वनडे टीम में नियमित मौके नहीं मिलने पर सवाल उठाए हैं। उनका मानना है कि इन युवा बल्लेबाजों की प्रतिभा के साथ न्याय करने के लिए उन्हें 50 ओवर के क्रिकेट में भी पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए। युवराज ने अभिषेक की जमकर तारीफ की और कहा कि उन्होंने जो कुछ हासिल किया है, वह अपनी मेहनत के दम पर किया है।
वनडे टीम में जगह नहीं मिलने पर युवराज ने क्या कहा?
युवराज सिंह ने पीटीआई से बातचीत में कहा कि अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी जैसे खिलाड़ियों को वनडे क्रिकेट में नहीं चुनना उनकी प्रतिभा के साथ न्याय नहीं है। उन्होंने कहा, 'मैं ईमानदारी से अभिषेक को वनडे में खेलते देखना चाहूंगा। मैं पहले भी यह बात कह चुका हूं कि अगर हम ईशान किशन, अभिषेक और वैभव सूर्यवंशी जैसे खिलाड़ियों को 50 ओवर के क्रिकेट में नहीं चुन रहे हैं, तो कहीं न कहीं हम उनकी प्रतिभा के साथ न्याय नहीं कर रहे हैं।'
हालांकि, युवराज ने यह भी स्वीकार किया कि भारतीय टीम में कई अनुभवी और बेहतरीन खिलाड़ी मौजूद हैं। ऐसे में युवा खिलाड़ियों के लिए टीम में जगह बनाना आसान नहीं होता। उन्होंने उम्मीद जताई कि मौजूदा प्रदर्शन को देखते हुए इन खिलाड़ियों को जल्द ही टीम में मौका मिल सकता है। अभिषेक को लेकर उन्होंने कहा, 'उसने जो कुछ भी हासिल किया है, वह उसकी मेहनत का नतीजा है। इसका पूरा श्रेय उसे जाता है।'
युवराज के मार्गदर्शन में निखरे हैं अभिषेक
युवराज सिंह पिछले कई वर्षों से अभिषेक शर्मा के मार्गदर्शक रहे हैं। अभिषेक उन्हें अपना गुरु मानते हैं और समय-समय पर उनसे बल्लेबाजी को लेकर सलाह लेते रहे हैं। दोनों पंजाब से आते हैं। युवराज ने अपने करियर में टी20 क्रिकेट के शुरुआती दौर में ही वैश्विक पहचान बनाई थी। 2007 टी20 विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ युवराज ने स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर में छह छक्के जड़े थे। उन्होंने महज 12 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया था। यह आज भी किसी भारतीय बल्लेबाज का सबसे तेज टी20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक है।
अभिषेक ने 35 गेंदों में जड़ा था शतक
भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरे टी20 मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने युवराज के इस रिकॉर्ड के करीब पहुंचने की कोशिश की थी। उन्होंने 15 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और फिर 35 गेंदों में शतक जड़ दिया। उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने छह विकेट से जीत दर्ज की। अभिषेक को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। अभिषेक के अर्धशतक के बाद युवराज ने सोशल मीडिया पर मजाकिया अंदाज में लिखा था, 'तुम अब भी 12 गेंदों में 50 रन नहीं बना सकते, है न? लगता है दो बाएं हाथ के बल्लेबाज अपने घर के मैदान पर खेल रहे हैं!'
इस पर अभिषेक ने कहा कि 12 गेंदों में अर्धशतक बनाना बिल्कुल आसान नहीं है। उन्होंने कहा, 'मुझे नहीं पता कि उस समय वह किस तरह की क्रिकेट खेल रहे थे, लेकिन यह बिल्कुल आसान नहीं है। कोई भी बल्लेबाज मैदान पर जाकर सिर्फ 12 गेंदों में 50 रन नहीं बना सकता। ऐसा कभी-कभार ही होता है।'