फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महिला एशिया कप: जेमिमा से ऐसी क्या बात हुई कि मंधाना ने जड़ा शतक? रिकॉर्ड बनाने के बाद स्मृति ने किया खुलासा

Fri, 04 Sep 2026 09:25 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, दुबई

सार

स्मृति मंधाना ने हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ रिकॉर्डतोड़ शतक से पहले जेमिमा रोड्रिग्स के साथ हुई मजेदार बातचीत का खुलासा किया है। चोट के कारण एशिया कप से बाहर जेमिमा ने वीडियो कॉल पर मंधाना को शुभकामनाएं दी थीं। इसके बाद मंधाना ने 64 गेंदों पर 124 रन बनाकर भारत को 137 रन से जीत दिलाई और सेमीफाइनल में पहुंचाया।
विज्ञापन
मंधाना और जेमिमा - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कभी-कभी मैदान पर उतरने से पहले कही गई एक छोटी-सी बात भी खिलाड़ी का तनाव कम कर देती है। भारत की उपकप्तान स्मृति मंधाना के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ रिकॉर्डतोड़ पारी खेलने से पहले उनकी साथी खिलाड़ी जेमिमा रोड्रिग्स ने वीडियो कॉल पर उनसे बात की और मैच को लेकर मजेदार अंदाज में बातचीत की।
विज्ञापन


दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में मंधाना ने इसके बाद बल्ले से ऐसा तूफान मचाया कि रिकॉर्ड की झड़ी लग गई। उन्होंने सिर्फ 64 गेंदों पर 124 रन बनाए और भारत ने हॉन्गकॉन्ग चीन को 137 रन से हराकर महिला एशिया कप के सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।

'यह बेहद मुश्किल मैच होने वाला है...'
बीसीसीआई ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें मंधाना ने जेमिमा के साथ हुई बातचीत के बारे में बताया। मैच से एक दिन पहले वीडियो कॉल पर जेमिमा ने मंधाना को शुभकामनाएं दी थीं। मंधाना ने कहा, 'ओह जेमी! हमें जेमी की निश्चित रूप से बहुत याद आती है। दुर्भाग्य से उसे चोट लग गई। मुझे याद है कि मैच से पहले मैं वीडियो कॉल पर थी और उसने मुझे शुभकामनाएं दी थीं। उसने कहा था- यह बेहद मुश्किल मैच होने वाला है। मेरी बल्लेबाजी को जानते हुए उसने कहा- मुझे पता है कि यह बेहद मुश्किल मैच होगा, देखते हैं तुम कितने रन बनाती हो।'

मंधाना भी थीं नर्वस
मंधाना ने स्वीकार किया कि हॉन्गकॉन्ग के गेंदबाजों के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं होने के कारण वह खुद भी थोड़ी तनाव में थीं। ऐसे में जेमिमा के साथ हुई बातचीत ने माहौल को हल्का कर दिया। उन्होंने कहा, 'मैंने कहा- हां, मैं भी काफी तनाव में हूं और नर्वस हूं, क्योंकि जब आपको विपक्षी टीम और उसके गेंदबाजों के बारे में पता होता है तो अलग बात होती है। लेकिन जब आप गेंदबाजों को नहीं जानते, तो कभी-कभी यह अनिश्चितता रहती है कि वे आपके खिलाफ किस तरह की गेंदबाजी करेंगे।' मंधाना ने हंसते हुए कहा- वह मेरी टांग खींच रही थी और आज मुझे लगता है कि मैं उसकी टांग खींच सकती हूं, लेकिन हम सभी को उसकी बहुत याद आती है।'

'रॉन्ग सिस्टर्स' की जोड़ी मैदान से दूर भी हिट
मंधाना और जेमिमा की ऑफ-फील्ड दोस्ती भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों के बीच काफी लोकप्रिय है। दोनों को फैंस प्यार से 'रॉन्ग सिस्टर्स' कहते हैं। हालांकि जेमिमा इस एशिया कप में भारतीय टीम का हिस्सा नहीं हैं। इंग्लैंड में द हंड्रेड में खेलते हुए हैमस्ट्रिंग चोट के कारण उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा। जेमिमा की गैरमौजूदगी के बावजूद उनकी और मंधाना की दोस्ती की झलक लगातार देखने को मिल रही है। हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ मंधाना की रिकॉर्ड पारी के बाद जेमिमा ने इंस्टाग्राम पर उनके लिए एक सपोर्टिव मैसेज भी पोस्ट किया।

मंधाना ने रचा इतिहास
हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ 124 रन की पारी मंधाना के करियर की बेहद खास पारियों में शामिल हो गई। इस शतक के साथ वह महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाली बल्लेबाज बन गईं। उनके नाम अब 18 अंतरराष्ट्रीय शतक हो गए हैं और उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की मेग लैनिंग को पीछे छोड़ दिया है। इसके अलावा मंधाना ने मिताली राज को पीछे छोड़ते हुए महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।
विज्ञापन

अब पाकिस्तान से मुकाबला
हॉन्गकॉन्ग पर शानदार जीत के बाद सात बार की एशिया कप चैंपियन भारतीय टीम का ध्यान अब ग्रुप ए के आखिरी मुकाबले पर है। भारत शनिवार को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ उतरेगा। सेमीफाइनल का टिकट पक्का हो चुका है, लेकिन इस मुकाबले में जीत के साथ टीम अपने अभियान को और मजबूत करना चाहेगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें