फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महिला एशिया कप 2026: भारत कल शुरू करेगा अभियान, थाईलैंड से है पहला मुकाबला; क्या हो सकती है प्लेइंग-11? जानें

Sat, 29 Aug 2026 12:40 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, दुबई

सार

भारतीय महिला क्रिकेट टीम रविवार को महिला एशिया कप टी20 में थाईलैंड के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। हरमनप्रीत कौर की टीम के सामने खराब फॉर्म और निरंतरता की चुनौती है। भारत ने इस साल 16 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में नौ गंवाए हैं। जेमिमा रोड्रिग्स की गैरमौजूदगी में टीम के मध्यक्रम और फील्डिंग पर भी नजरें रहेंगी।
विज्ञापन
भारत बनाम थाईलैंड - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय महिला क्रिकेट टीम रविवार को महिला एशिया कप टी20 में अपने अभियान की शुरुआत थाईलैंड के खिलाफ करेगी। एशिया कप में पिछले एक दशक से भारत का दबदबा रहा है, लेकिन इस बार टीम के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपनी फॉर्म और प्रदर्शन में निरंतरता हासिल करने की होगी। भारत ने टी20 एशिया कप के 2016-17 से अब तक खेले गए पांच संस्करणों में तीन बार खिताब जीता है।
विज्ञापन


हालांकि मौजूदा फॉर्म टीम के लिए चिंता का कारण है। भारत ने इस साल खेले 16 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में से नौ में हार झेली है। टी20 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली पिछली हार ने भारत का अभियान ग्रुप चरण में ही खत्म कर दिया था। अब टीम एशिया कप में बेहतर प्रदर्शन के साथ लय हासिल करना चाहेगी।

हरमनप्रीत की फॉर्म पर भी रहेंगी नजरें
कप्तान हरमनप्रीत कौर के लिए यह टूर्नामेंट व्यक्तिगत तौर पर भी अहम है। उनकी फॉर्म और टी20 क्रिकेट में भविष्य को लेकर सवाल उठते रहे हैं। हालांकि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व कप के अहम मुकाबले में उन्होंने महत्वपूर्ण पारी खेली थी, लेकिन पूरे टूर्नामेंट में उनकी बल्लेबाजी में निरंतरता की कमी चर्चा का विषय रही। भारत के सामने एशिया कप के बाद अगले महीने एशियाई खेलों की चुनौती भी है। ऐसे में टीम प्रबंधन चाहेगा कि कप्तान समेत प्रमुख खिलाड़ी टूर्नामेंट में अपनी सर्वश्रेष्ठ लय हासिल करें।

जेमिमा की गैरमौजूदगी में मध्यक्रम की परीक्षा
भारत को एशिया कप में स्टार बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स की कमी खलेगी। वह इस टूर्नामेंट और एशियाई खेलों से बाहर हैं। उनकी जगह टीम में प्रतिभाशाली बल्लेबाज प्रतिका रावल को शामिल किया गया है। हालांकि जेमिमा की गैरमौजूदगी के बाद भारत के सामने मध्यक्रम में तेजी से रन बनाने वाली बल्लेबाज की तलाश बनी हुई है। शीर्ष क्रम में स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की जोड़ी पर बड़ी जिम्मेदारी होगी। नंबर-तीन से आगे की बल्लेबाजों के सामने चुनौती सिर्फ पारी संभालने की नहीं, बल्कि रन गति को बनाए रखते हुए स्कोर को तेजी से आगे बढ़ाने की भी होगी।

भारत बनाम थाईलैंड - फोटो : ANI
स्पिन में दीप्ति के साथ ये खिलाड़ी संभालेंगे मोर्चा
भारतीय टीम की स्पिन गेंदबाजी की अगुआई अनुभवी ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा करेंगी। उनके साथ श्री चरणी, राधा यादव और प्रेमा रावत स्पिन विभाग की जिम्मेदारी संभाल सकती हैं। श्री चरणी ने टी20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन किया था और वह टूर्नामेंट की सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज रही थीं। ऐसे में उन पर भी काफी नजरें होंगी। तेज गेंदबाजी में अनुभवी रेणुका सिंह ठाकुर भारत की प्रमुख गेंदबाज होंगी। उनके साथ क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी और नंदनी शर्मा विकल्प मौजूद हैं।

फील्डिंग में सुधार करना होगा
भारतीय टीम के लिए फील्डिंग लंबे समय से चिंता का विषय रही है। पिछले टी20 मुकाबलों में बाउंड्री के करीब कैच छोड़ने का खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा था। एशिया कप में अगर भारत को खिताब जीतने की दावेदारी मजबूत करनी है तो गेंदबाजी और बल्लेबाजी के साथ फील्डिंग में भी सुधार जरूरी होगा। खासकर बड़े मुकाबलों में छोटी-छोटी गलतियां टीम पर भारी पड़ सकती हैं।

थाईलैंड के खिलाफ आसान नहीं होगी चुनौती
थाईलैंड ने अपने शुरुआती मुकाबले में हांगकांग को छह रन से हराकर आत्मविश्वास हासिल किया है। हालांकि टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 120 रन बनाए थे, लेकिन गेंदबाजों और फील्डरों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हांगकांग को 114/7 तक ही रोक दिया। कप्तान नारुमोल चाइवई ने 43 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि ओननिचा कामचोम्फू ने तीन और फानिता माया ने दो विकेट लिए। इसलिए भारत थाईलैंड को हल्के में लेने की गलती नहीं करना चाहेगा।

कैसी हो सकती है भारत की प्लेइंग-11?
थाईलैंड के खिलाफ भारत मजबूत संयोजन के साथ उतर सकता है। टीम मैनेजमेंट की नजर बल्लेबाजी क्रम को मजबूत करने पर होगी। हालांकि, पिच और परिस्थितियों के आधार पर राधा यादव या प्रेमा रावत को भी अंतिम एकादश में मौका मिल सकता है। भारत के लिए थाईलैंड के खिलाफ मुकाबला सिर्फ अभियान की शुरुआत नहीं, बल्कि आगामी बड़े टूर्नामेंटों से पहले अपनी कमियों को दूर करने का मौका भी होगा। टीम की नजर जीत के साथ शुरुआत करने और बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों विभागों में लय हासिल करने पर होगी।
विज्ञापन

भारतीय महिला टीम - फोटो : BCCI Women
भारत की संभावित प्लेइंग-11 इस प्रकार हो सकती है: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, प्रतिका रावल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह ठाकुर और श्री चरणी।

दोनों स्क्वॉड

भारतीय महिला क्रिकेट टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), गुनालन कमलिनी (विकेटकीपर), प्रतिका रावल, शेफाली वर्मा, दीप्ति शर्मा, क्रांति गौड़, प्रेमा रावत, अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह ठाकुर, नंदिनी शर्मा, श्री चरणी, राधा यादव।

थाईलैंड महिला क्रिकेट टीम: नारुमोल चायवई (कप्तान), नन्नापत चैहान, नत्थाकन चंतम, नाओमी हिल्टन, नन्नापत कोंचायरोएन्काई (विकेटकीपर), ओन्निचा कामचोमफू, फन्निता माया, चनिदा सुत्थिरुआंग, अफिसरा सुवांचोराथी, सुनिदा चतुरोंगराताना, चयानिसा फेंगपेन, सुलीपॉर्न लाओमी, थिपात्चा पुत्थावोंग, थानराडा सीसावान, कोरानिट सुवांचोनराथी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें