कैसे मिली टीम इंडिया में जगह?
प्रेमा रावत पिछले कुछ समय से इंडिया-ए और घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही थीं। वह इंग्लैंड दौरे पर गई इंडिया-ए टीम का भी हिस्सा थीं, लेकिन श्रेयंका के बाहर होने के बाद उन्हें सीधे विश्व कप टीम में बुला लिया गया। चयनकर्ताओं ने उनकी हालिया फॉर्म और विकेट लेने की क्षमता को देखते हुए यह फैसला लिया।
एशिया कप में दिखाया था दम
प्रेमा रावत ने हाल ही में आयोजित राइजिंग स्टार्स महिला एशिया कप में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने भारत-ए के लिए आठ विकेट लिए और पूरे टूर्नामेंट में मात्र 4.27 की इकॉनमी से गेंदबाजी की। उनके प्रदर्शन की बदौलत भारत-ए ने खिताब भी जीता। इसी टूर्नामेंट के बाद उन्हें भविष्य की संभावित राष्ट्रीय खिलाड़ी के रूप में देखा जाने लगा।
श्रेयंका पाटिल
- फोटो : ICC
WPL में भी छोड़ चुकी हैं छाप
प्रेमा रावत पिछले दो सीजन से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का हिस्सा रही हैं। हालांकि उन्हें ज्यादा मैच खेलने का मौका नहीं मिला, लेकिन टीम प्रबंधन उनकी लेग स्पिन और विविधता से प्रभावित रहा है। आरसीबी के साथ रहने से उन्हें अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने और बड़े मंच का अनुभव हासिल करने का मौका मिला।
श्रेयंका पटिल कैसे हुईं बाहर?
नीदरलैंड के खिलाफ मुकाबले में श्रेयंका पटिल अपने पहले ही ओवर की पहली गेंद पर चोटिल हो गईं। गेंद का पीछा करते समय उनका टखना मुड़ गया और दर्द इतना ज्यादा था कि वह मैदान पर खड़ी भी नहीं हो सकीं। उन्हें स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाया गया। स्कैन में लिगामेंट चोट की पुष्टि हुई, जिसके बाद उन्हें विश्व कप से बाहर कर दिया गया। यह श्रेयंका के लिए एक और बड़ा झटका है। 2024 में अंगुली टूटने के कारण वह टी20 विश्व कप नहीं खेल सकी थीं। इसके बाद पिंडलियों और कलाई की चोटों ने भी उन्हें लंबे समय तक क्रिकेट से दूर रखा।
महिला टी20 विश्व कप के लिए भारत की टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), श्री चरणी, यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), नंदिनी शर्मा, अरुंधति रेड्डी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, राधा यादव, प्रेमा रावत।
इंडिया-ए टीम में भी बदलाव
प्रेमा रावत के विश्व कप टीम में शामिल होने के बाद बीसीसीआई ने इंडिया-ए टीम में भी बदलाव किए हैं। निकी प्रसाद को इंडिया-ए टी20 टीम में शामिल किया गया है। मिन्नू मणि को इंडिया-ए वनडे टीम में जगह मिली है। भारत-ए टीम इंग्लैंड दौरे पर तीन टी20 और तीन वनडे मैच खेलेगी।
भारत-ए महिला टीम (टी20): अनुष्का शर्मा (कप्तान), वृंदा दिनेश (उपकप्तान), जी. कमलिनी (विकेटकीपर), उमा छेत्री, वैष्णवी शर्मा, पूर्वजा वर्लेकर, जिंतमणि कालिता, साइमा ठाकोर, सिमरन बहादुर, श्वेता सहरावत, दीया यादव, मिन्नू मणि, शबनम शकील, तनुजा कंवर, निकी प्रसाद।
भारत-ए महिला टीम (वनडे): हरलीन देओल (कप्तान), प्रतिका रावल (उपकप्तान), प्रिया पुनिया, तनिषा सिंह, जी. कमलिनी (विकेटकीपर), उमा छेत्री (विकेटकीपर), तेजल हसबनीस, निकी प्रसाद, तनुजा कंवर, वैष्णवी शर्मा, शबनम शकील, सयाली सातघरे, जिंतमणि कालिता, साइमा ठाकोर, मिन्नू मणि।