पिछले कुछ समय से रविंद्र जडेजा भारतीय टीम के प्रमुख ऑलराउंडर रहे हैं और अब जब श्रीलंका दौरा नजदीक आ रहा है तो उन्होंने कहा कि वे हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार हैं।
भारतीय ऑलराउंडर ने कैस्ट्रोल सुपर मैकेनिक ट्रॉफी का अनावरण करने के बाद भारतीय टीम से जुड़े कई मुद्दों पर बातचीत की।
भारतीय टीम को इस महीने के अंत में श्रीलंका का दौरा करना है, जहां ऑफ़स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के साथ जडेजा कि भूमिका अहम रहेगी।
आगामी दौरे के बारे में बात करते करते हुए जडेजा ने कहा, 'जब चुनौती होती है तो मुझे प्रदर्शन करने में अच्छा लगता है। क्रिकेट में जब आपको आसान विकेट मिले तो खेलने में ज्यादा मजा नहीं आता।
मगर जब आपको चुनौती का सामना करना पड़े और लड़कर मैच जीतना हो तो उसका एहसास अलग ही होता है।'
रवि शास्त्री के प्रमुख कोच बनने पर जडेजा ने कहा कि जो भी इस पद पर आता, वो अपने अनुभव को टीम के साथ साझा करता।
जडेजा ने कहा, 'अच्छी बात ये है कि जब भी टीम के साथ नया अनुभव जुड़ेगा, वो हमारे लिए अच्छा है। उम्मीद है कि जो भी टीम में आएं, वो अपने अनुभव साझा करें और हमें उनसे कुछ सीखने को मिले। क्रिकेट ऐसा खेल है, जहां आपको रोज किसी न किसी से कुछ न कुछ सीखने को मिलता है।'
जडेजा ने इवेंट के दौरान उस समय को भी याद किया जब शेन वॉर्न ने उन्हें 'रॉकस्टार' कहा था। बाएं हाथ के स्पिनर ने बताया कि उन्हें इस शब्द का मतलब नहीं पता था। जडेजा ने कहा, 'मुझे रॉकस्टार का मतलब नहीं पता था। जब मैं शेन वॉर्न से पहली बार मिला तो ये भी नहीं जानता था कि वो टेस्ट क्रिकेट के महान गेंदबाज हैं। वो मुझे रॉकस्टार कहते और मैं ये सोचता कि जब मैंने गाना नहीं गाया, न कुछ ऐसा किया तो पता नहीं वो रॉकस्टार क्यों बुलाते हैं।'
बाएं हाथ के बल्लेबाज ने आगे कहा, 'मैंने अपने एक दोस्त से पूछा कि वो मुझे रॉकस्टार क्यों कहते हैं। उसने कहा कि तेरे चेहरे पर हंसी देखकर ऐसा कहा होगा। मैं अपने खेल में कड़ी मेहनत करता हूं और चाहे बल्लेबाजी हो या फिर गेंदबाजी, अपनी शैली में सुधार करता हूं।'
इंग्लैंड में चैंपियंस ट्रॉफी के बाद वेस्टइंडीज का दौरा करने के बाद घर लौटे जडेजा ने अपनी बेटी निध्याना से पहली मुलाक़ात की। इस विशेष मुलाक़ात के बारे में बात करते हुए जडेजा ने कहा, 'ये अद्भुत एहसास है। मैं कुछ भी महसूस नहीं कर रहा हूं, लेकिन अपनी बेटी के साथ ज्यादा से ज्यादा समय बिता रहा हूं। मेरे परिवार में भी उसके आने से सभी लोग खुश हैं।'