मुंबई इंडियंस के सबसे भरोसेमंद गेंदबाज जसप्रीत बुमराह इस सीजन असामान्य रूप से संघर्ष करते नजर आ रहे हैं। आईपीएल 2026 में अब तक 10 मैचों में वह सिर्फ तीन विकेट ही ले सके हैं। लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ मुंबई की जीत के बावजूद बुमराह का प्रदर्शन चर्चा में रहा, जहां उन्होंने चार ओवर में 45 रन दिए और विकेट भी नहीं लिया। यह सातवीं बार था जब वह इस सीजन विकेटलेस रहे।
गावस्कर ने बताया कहां हो रही गलती
भारतीय क्रिकेट दिग्गज सुनील गावस्कर ने स्टार स्पोर्ट्स पर बुमराह की मौजूदा फॉर्म पर खुलकर बात की। उनका मानना है कि बुमराह मेहनत में कमी नहीं कर रहे, बल्कि जरूरत से ज्यादा प्रयोग कर रहे हैं। गावस्कर ने कहा, 'बुमराह अपना सर्वश्रेष्ठ दे रहे हैं, लेकिन वह जरूरत से ज्यादा अतिरिक्त चीजें करने की कोशिश कर रहे हैं। वह विकेट के मौके बना रहे हैं, लेकिन किस्मत उनका साथ नहीं दे रही। उनकी गति भी थोड़ी कम हुई है। उन्हें अपनी बेसिक गेंदबाजी पर लौटना चाहिए और वही करना चाहिए जो उनके लिए सबसे अच्छा काम करता है।'
जसप्रीत बुमराह
- फोटो : ANI
तकनीकी बदलाव ने बढ़ाई परेशानी
गावस्कर के मुताबिक बुमराह की गेंदबाजी में छोटे-छोटे बदलाव उनकी मुश्किल बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा, 'उनकी स्लोअर गेंद की लेंथ पहले से ज्यादा फुल हो गई है। जो लाइन पहले स्टंप्स पर रहती थी, अब लेग स्टंप की तरफ जा रही है। वह नो-बॉल के लिए नहीं जाने जाते, लेकिन इस सीजन उन्होंने छह या सात नो-बॉल फेंक दी हैं।' बुमराह जैसे गेंदबाज की सबसे बड़ी ताकत नियंत्रण और सटीकता रही है, लेकिन इस बार वही चीजें कमजोर पड़ती दिख रही हैं।
आंकड़े भी कर रहे इशारा
इस सीजन बुमराह ने 37 ओवर में 329 रन दिए हैं। उनका इकोनॉमी रेट 8.89 रहा है, जो उनके स्तर के हिसाब से ज्यादा माना जा रहा है। कई मौकों पर उन्होंने बल्लेबाजों को परेशान किया, लेकिन विकेट हाथ नहीं लगे। लखनऊ के खिलाफ भी एक विकेट नो-बॉल की वजह से रद्द हो गया, जिसने उनकी निराशा और बढ़ा दी।
सुनील गावस्कर
- फोटो : ANI
क्या ब्रेक देना चाहिए?
पूर्व भारतीय बल्लेबाजी कोच संजय बांगड़ का मानना है कि मामला सिर्फ तकनीकी नहीं, मानसिक और शारीरिक भी हो सकता है। बांगड़ ने कहा, 'मैनेजमेंट को ईमानदारी से उनसे बात करनी चाहिए। पूछना चाहिए कि क्या वह अंदर से 100 प्रतिशत फिट महसूस कर रहे हैं? क्या वह एक मैच का ब्रेक लेना चाहते हैं? अगर वह कहें कि नहीं, मैं खेलने के लिए तैयार हूं, तो शायद आपको उनका बेहतर रूप देखने को मिलेगा, क्योंकि वह और ज्यादा जोर लगाएंगे।'
मुंबई इंडियंस के लिए चिंता की बात
मुंबई इंडियंस प्लेऑफ की दौड़ में है और ऐसे समय टीम को बुमराह के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की जरूरत है। लेकिन सवाल यह है कि क्या उन्हें आराम देकर तरोताजा किया जाए या फिर लगातार मौका देकर फॉर्म में लौटने का इंतजार किया जाए।
संजय बांगड़
- फोटो : IPL/BCCI
वापसी करने की क्षमता रखते हैं बुमराह
बुमराह विश्व क्रिकेट के सबसे बेहतरीन गेंदबाजों में गिने जाते हैं। ऐसे में यह मानना जल्दबाजी होगी कि वह लंबे समय तक संघर्ष करेंगे। एक अच्छी स्पेल या एक मैच उनका आत्मविश्वास लौटा सकता है। मुंबई इंडियंस और उनके फैंस को उम्मीद होगी कि बुमराह जल्द ही अपनी पुरानी लय में लौटेंगे।