चेन्नई के चेपॉक में जारी दलीप ट्रॉफी के फाइनल में भले ही वैभव सूर्यवंशी बल्ले से उतना कुछ खास न कर पाएं हो, पर टीम के लिए फील्डिंग के दौरान अहम योगदान दे रहे हैं। ईस्ट जोन के उपकप्तान वैभव ने मंगलवार को मुकाबले के तीसरे दिन कुछ ऐसा किया, जिसने एक बार फिर उनकी क्रिकेटिंग समझ को साबित किया है। उनकी सूझबूझ से ईस्ट जोन को साउथ जोन के खिलाफ सफलता हासिल करने में मदद मिली। दरअसल, ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच मुकाबले के तीसरे दिन 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने रिकी भुई के खिलाफ डीआरएस लेने का सुझाव दिया। कप्तान ईशान किशन ने रिव्यू लिया और रिप्ले में भुई के बल्ले का किनारा लगा हुआ दिखाई दिया।
ईस्ट जोन और साउथ जोन
- फोटो : BCCI
ईशान रिव्यू को लेकर थे असमंजस में, वैभव ने दिया सुझाव
साउथ जोन की पारी के छठे ओवर में बंगाल के तेज गेंदबाज मुकेश कुमार गेंदबाजी कर रहे थे। उन्होंने रिकी भुई को लेग साइड पर गेंद डाली। गेंद पर कैच की अपील हुई, लेकिन मैदानी अंपायर ने इसे नकार दिया। ईशान किशन रिव्यू लेने को लेकर निश्चित नहीं थे। इसके बाद उपकप्तान वैभव सूर्यवंशी ने डीआरएस लेने का सुझाव दिया। रिप्ले में भुई के बल्ले का हल्का किनारा लगा हुआ दिखाई दिया और गेंद विकेटकीपर कुमार कुशाग्र के दस्तानों में गई थी। इस रिव्यू के बाद भुई आउट दिए गए। साउथ जोन की पहली विकेट 10 रन के स्कोर पर गिरी। वैभव के डीआरएस लेने के सुझाव का वीडियो भी सामने आया। वीडियो में वैभव ईशान से 'ले लो भैया...ले लो रिव्यू' कहते सुनाई पड़े।
ईस्ट जोन और साउथ जोन
- फोटो : BCCI
ईस्ट जोन ने पहली पारी में बनाए 708 रन
ईस्ट जोन ने पहली पारी में 708 रन बनाए। कप्तान ईशान किशन ने 270 रन की पारी खेली। वहीं, वैभव सूर्यवंशी 37 गेंदों में 44 रन बनाकर आउट हुए। उनकी पारी में पांच चौके और एक छक्का शामिल रहा। ईस्ट जोन के 708 रन के जवाब में रिकी भुई के आउट होने के बाद नारायण जगदीशन और देवदत्त पडिक्कल ने पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 60 रन जोड़े।
ईस्ट जोन और साउथ जोन
- फोटो : BCCI
पडिक्कल ने लगाया अर्धशतक, शमी-मुकेश ने झटके विकेट
लेफ्ट आर्म स्पिनर शिखर मोहन ने नारायण जगदीशन को 42 गेंदों में 32 रन के स्कोर पर आउट किया। जगदीशन ने अपनी पारी में छह चौके लगाए। इसके बाद देवदत्त पडिक्कल ने 65 गेंदों में चार चौकों की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। दूसरे सत्र में मोहम्मद शमी ने शेख रशीद को 48 गेंदों में 27 रन के स्कोर पर एलबीडब्ल्यू आउट किया। रशीद ने पांच चौके लगाए। इसके बाद मुकेश कुमार ने अपना दूसरा विकेट हासिल किया। उन्होंने पडिक्कल को 104 गेंदों में 62 रन के स्कोर पर आउट किया। पडिक्कल ने अपनी पारी में चार चौके लगाए और डीप मिड-विकेट पर स्थानापन्न फील्डर के हाथों कैच आउट हुए। खबर लिखे जाने तक साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा और रवीचंद्रन स्मरण क्रीज पर थे।