बुमराह के खेलने पर भी संशय
तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी फिटनेस टेस्ट से गुजरेंगे। इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले गए अंतिम वनडे में वह इम्पैक्ट इंजरी (टक्कर से लगी चोट) के कारण नहीं खेल पाए थे। अब उनकी फिटनेस का आकलन किया जाएगा, जिसके बाद ही श्रीलंका दौरे के लिए उनकी उपलब्धता पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। अगर वह उपलब्ध नहीं होते हैं तो तेज गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी मोहम्मद सिराज, गुरनूर बराड़ और प्रसिद्ध कृष्णा पर आ सकती है। वहीं, आकाश दीप अभी स्ट्रेस फ्रैक्चर से उबर रहे हैं और 'रिटर्न टू प्ले' प्रक्रिया के शुरुआती चरण में हैं। फिलहाल उन्हें सीमित गेंदबाजी की ही अनुमति मिली है।
वॉशिंगटन की फिटनेस पर फैसला बाद में
बीसीसीआई के एक सूत्र के मुताबिक, वॉशिंगटन सुंदर इंग्लैंड दौरे के दौरान सीमित ओवरों की सीरीज में पैर में चोटिल हो गए थे। इसी वजह से वह पहले टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। हालांकि, अगर उनकी फिटनेस में सुधार होता है तो दूसरे टेस्ट के लिए उनके चयन पर विचार किया जा सकता है। ऐसे में चयनकर्ताओं को पहले टेस्ट के लिए रवींद्र जडेजा, मानव सुथार और कुलदीप यादव के अलावा चौथे स्पिनर की तलाश करनी पड़ सकती है।
वॉशिंगटन सुंदर की जगह कौन?
इस दौड़ में ऑफ स्पिनर सरांश जैन सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। उन्होंने हाल ही में श्रीलंका-ए के खिलाफ दो मैचों में छह विकेट लिए और नाबाद 70 रन भी बनाए। इसके अलावा लेग स्पिनर जीशान अंसारी और विप्रज निगम भी विकल्प हैं, हालांकि माना जा रहा है कि विप्रज का खेल फिलहाल सफेद गेंद के क्रिकेट के लिए ज्यादा उपयुक्त है।
रेड्डी और हर्षित का दौरा भी मुश्किल
ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी और युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा भी अभी पूरी तरह फिट नहीं हो पाए हैं। दोनों खिलाड़ियों के श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टीम का हिस्सा बनने की संभावना बेहद कम मानी जा रही है। उनकी गैरमौजूदगी से टीम इंडिया के तेज गेंदबाजी और ऑलराउंड विकल्पों पर असर पड़ सकता है।
हार्दिक पांड्या की वापसी तय
- टीम इंडिया के लिए राहत की खबर हार्दिक पांड्या को लेकर आई है। बीसीसीआई सूत्रों के अनुसार, हार्दिक इस महीने के अंत तक 'रिटर्न टू प्ले' प्रक्रिया पूरी कर लेंगे और अगस्त से व्हाइट-बॉल क्रिकेट खेलने के लिए पूरी तरह उपलब्ध रहेंगे।
- अगर भारत का प्रस्तावित बांग्लादेश दौरा तय कार्यक्रम के अनुसार होता है तो हार्दिक टीम में वापसी कर सकते हैं। फिलहाल वह बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में दिन में दो सत्रों में ट्रेनिंग कर रहे हैं, जिसमें सुबह फिटनेस और शाम को बल्लेबाजी और गेंदबाजी पर काम कर रहे हैं।