विराट कोहली की किस बात से प्रभावित हुए कॉक्स?
25 वर्षीय इंग्लैंड के बल्लेबाज ने आईपीएल 2026 के दौरान आरसीबी में विराट कोहली से मिले सहयोग और मार्गदर्शन की भी तारीफ की। कॉक्स ने कहा कि आईपीएल के दौरान सबसे खास बात यह रही कि विराट कोहली ने उन्हें काफी समय दिया। उन्होंने कहा कि इतनी उपलब्धियां हासिल करने के बावजूद कोहली हमेशा दूसरों की मदद करने के लिए तैयार रहते हैं।
उनके मुताबिक, कई खिलाड़ी सिर्फ अपने खेल पर ध्यान देते हैं, लेकिन विराट पहले दूसरों की मदद करना पसंद करते हैं और उसके बाद अपने बारे में सोचते हैं। उन्होंने इसे बेहद दुर्लभ गुण बताया।
कब होगी विराट की वापसी?
विराट कोहली आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिताब जीतने वाले अभियान में 600 से ज्यादा रन बनाने के बाद हैमस्ट्रिंग चोट के कारण अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज नहीं खेल पाए थे। अब वह चोट से उबर चुके हैं और 14 जुलाई को बर्मिंघम में इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले पहले वनडे मुकाबले में वापसी कर सकते हैं।
फिलहाल भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज खेल रही है, जिसमें वह 3-0 से पिछड़ चुकी है। सीरीज का आखिरी मुकाबला शनिवार को साउथैम्पटन में खेला जाएगा।