क्या है पूरा मामला?
गुरुवार की दरमियानी रात करीब एक बजे उनका इंस्टाग्राम अकाउंट दिखना बंद हुआ था और शुक्रवार सुबह नौ बजे अकाउंट फिर से दिखने लगा। इस आठ घंटे के दौरान विराट कोहली के अकाउंट को खोलने पर यूजर्स को 'प्रोफाइल उपलब्ध नहीं है' या 'यूजर नॉट फाउंड' जैसे मैसेज दिख रहा था। इस अप्रत्याशित घटनाक्रम ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी थी। साथ ही विराट कोहली के भाई विकास कोहली के इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी यही मैसेज दिख रहा था। इतना ही नहीं, रोहित शर्मा के इंस्टाग्राम स्टोरी पर लगे मैसेज ने फैंस को बेचैन कर दिया था। फैंस पूछ रहे थे कि क्या सबकुछ ठीक है? या फि कुछ बड़ा होने वाला है?
क्या हुआ था अकाउंट के साथ? अनिश्चितता और कयास
- इंस्टाग्राम पर विराट कोहली का प्रोफाइल सर्च या विजिबल नहीं था, जिससे लोग यह सोच रहे हैं कि यह या तो डिएक्टिवेशन, डिलीट, सस्पेंशन या कोई बड़ी तकनीकी समस्या का नतीजा था।
- अभी तक विराट कोहली या उनकी मैनेजमेंट टीम या फिर इंस्टाग्राम की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि कोहली ने खुद अकाउंट हटाया था या यह मेटा की ओर से हुआ था।
- कुछ फैंस तो हैकिंग की ओर भी इशारा कर रहे थे। उनका मानना है कि कोहली के इंस्टाग्राम अकाउंट को हैक कर लिया गया था।
क्या खुद विराट ने लिया था सोशल मीडिया से ब्रेक?
विराट कोहली पहले भी कई बार यह कह चुके हैं कि सोशल मीडिया और टेक्नोलॉजी ध्यान भटकाने वाली हो सकती है, खासकर तब जब खिलाड़ी किसी लक्ष्य पर फोकस करना चाहता हो। ऐसे में यह कयास लगाए जा रहे थे कि शायद कोहली ने खुद ही इंस्टाग्राम से दूरी बनाने का फैसला किया हो। हालांकि, इसकी पुष्टि करने वाला कोई बयान फिलहाल मौजूद नहीं है।
मीम्स, पेंगुइन और इंटरनेट ह्यूमर
विराट कोहली के इंस्टाग्राम से गायब होते ही सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़ आ गई। कुछ यूजर्स ने इसे वायरल 'निहिलिस्ट पेंगुइ' ट्रेंड से जोड़ दिया, जिसमें पेंगुइन को 'इंटरनेट से वॉक-आउट' करते दिखाया जाता है। कोहली की खाली प्रोफाइल के साथ इन मीम्स ने इंटरनेट ह्यूमर को नया रंग दे दिया था।
अनुष्का शर्मा से जवाब मांगते फैंस
विराट कोहली की चुप्पी के बाद फैंस की नजरें उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा पर टिक गईं। उनके हालिया पोस्ट्स के कमेंट सेक्शन में सवालों की बाढ़ आ गई। जैसे, 'भाभी, भैया का अकाउंट कहां गया?' हालांकि, अनुष्का शर्मा ने इन सवालों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
अब भी बना हुआ है सस्पेंस
फिलहाल यह साफ नहीं है कि विराट कोहली ने खुद अकाउंट डिएक्टिवेट किया था या यह इंस्टाग्राम की तकनीकी समस्या था या फिर कोई अस्थायी सस्पेंशन। जब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आता, तब तक यह मामला कयासों और चर्चाओं के बीच ही बना रहेगा।