यशस्वी और श्रीलंकाई खिलाड़ी असिथा की लड़ाई
- फोटो : PTI
भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट मैच के दौरान उस वक्त माहौल अचानक गरमा गया, जब भारतीय सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और श्रीलंका के तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो के बीच मैदान पर तीखी नोकझोंक देखने को मिली। यशस्वी ने एक ही ओवर में असिथा की गेंदों पर तीन शानदार चौके जड़कर दबाव बनाया था, लेकिन गेंदबाज ने ओवर की आखिरी गेंद पर उनका विकेट निकालकर जोरदार पलटवार किया। यशस्वी असिथा के सेंड ऑफ से नाराज नजर आए और दोनों खिलाड़ियों के बीच मामला इतना बढ़ गया कि श्रीलंकाई कप्तान धनंजय डिसिल्वा को बीच-बचाव करना पड़ा।
यशस्वी-असिथा की लड़ाई
- फोटो : IANS
एक ओवर में यशस्वी ने जड़े तीन चौके
- भारतीय पारी के 17वें ओवर में असिथा फर्नांडो गेंदबाजी करने आए। ओवर की पहली गेंद पर यशस्वी ने कोई रन नहीं लिया। इसके बाद उन्होंने दूसरी गेंद पर खूबसूरत ऑन-ड्राइव लगाकर चौका जड़ा।
- तीसरी गेंद पर कोई रन नहीं आया, लेकिन चौथी गेंद पर यशस्वी ने ऑफ स्टंप के बाहर मिली जगह का फायदा उठाते हुए गेंद को स्लिप के ऊपर से गाइड कर चौका हासिल किया।
- इसके बाद पांचवीं गेंद शॉर्ट थी, जिसे यशस्वी ने बेहतरीन अंदाज में पुल करते हुए बाउंड्री के पार पहुंचा दिया। इस तरह ओवर में तीन चौके लगाकर यशस्वी ने अपने स्कोर को तेजी से 40 के पार पहुंचा दिया।
यशस्वी-असिथा की लड़ाई
- फोटो : IANS
अगली ही गेंद पर असिथा ने लिया बदला
हालांकि, इसी ओवर की आखिरी गेंद पर कहानी पूरी तरह बदल गई। असिथा ने राउंड द विकेट से लेंथ गेंद डाली, जो अंदर की तरफ आई। यशस्वी ने इसे ऑफ साइड में पंच करने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर सीधे स्टंप्स से जा टकराई। यशस्वी 53 गेंदों में 45 रन बनाकर बोल्ड हो गए। उनकी पारी में नौ चौके शामिल रहे।
विकेट मिलने के बाद असिथा फर्नांडो ने आक्रामक अंदाज में यशस्वी को सेंड ऑफ दिया। यशस्वी पहले निराश होकर पवेलियन की तरफ बढ़ने लगे, लेकिन गेंदबाज का यह अंदाज उन्हें पसंद नहीं आया। वह वापस मुड़े और असिथा से कुछ कहने लगे। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच बहस बढ़ गई।
यशस्वी-असिथा की लड़ाई
- फोटो : IANS
यशस्वी और असिथा के शरीर टकराए
कमेंट्री के मुताबिक, दोनों खिलाड़ी एक-दूसरे के काफी करीब आ गए थे और लगभग बॉडी कॉन्टैक्ट की स्थिति बन गई थी। दोनों ने एक-दूसरे से कुछ शब्द भी कहे। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यशस्वी असिथा के काफी करीब चले गए और उन पर असिथा को सिर मारने (हेडबट) जैसा व्यवहार करने का आरोप भी लगा है। वीडियो में यशस्वी का हेल्मेट असिथा के सिर से भिड़ता जरूर है, लेकिन यह जानबूझकर किया गया था, या फिर गलती से हुआ, इस पर अभी तक कोई जानकारी नहीं है। असिथा यशस्वी को दूर करने के लिए धक्का देते भी नजर आए। हालांकि, अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक कार्रवाई या फैसला सामने नहीं आया है। माहौल बिगड़ता देख श्रीलंकाई कप्तान धनंजय डिसिल्वा को बीच में आकर दोनों को शांत करना पड़ा।
यशस्वी-असिथा की लड़ाई
- फोटो : IANS
क्या यशस्वी पर लग सकता है जुर्माना?
- अब इस घटना पर मैच रेफरी की नजर भी हो सकती है। अगर मैच अधिकारियों को लगता है कि यशस्वी या असिथा ने खिलाड़ियों के लिए तय आचार संहिता का उल्लंघन किया है, तो संबंधित खिलाड़ी पर जुर्माना या अन्य अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।
- खास तौर पर खिलाड़ियों के बीच जानबूझकर आक्रामक तरीके से आमने-सामने आना, अनुचित भाषा का इस्तेमाल करना या शारीरिक संपर्क की कोशिश करना मैच अधिकारियों के संज्ञान में आ सकता है। हालांकि, सिर्फ इस वीडियो/कमेंट्री के आधार पर यह कहना जल्दबाजी होगी कि यशस्वी पर निश्चित रूप से फाइन लगेगा।
- मैच रेफरी घटना की गंभीरता और खिलाड़ियों के व्यवहार की समीक्षा के बाद फैसला करेंगे। इस मामले में श्रीलंकाई कप्तान का समय रहते बीच-बचाव करना भी अहम रहा, क्योंकि दोनों खिलाड़ी काफी करीब आ गए थे और स्थिति और ज्यादा बिगड़ सकती थी।
यशस्वी-असिथा की लड़ाई
- फोटो : IANS
लंच तक भारत ने बनाए 88 रन
दो मैचों की टेस्ट सीरीज में भारत फिलहाल 1-0 से आगे है और दूसरे टेस्ट में उसने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। यशस्वी के आउट होने के बाद भी भारत ने लंच तक 88/1 का स्कोर बना लिया था। यशस्वी का विकेट भारत के लिए बड़ा झटका रहा, लेकिन उससे ज्यादा चर्चा उनके और असिथा के बीच हुई इस गरमागरम भिड़ंत की हो रही है। अब सबकी नजर इस बात पर होगी कि मैच रेफरी इस घटना पर क्या फैसला लेते हैं।