पीएम मोदी ने सूर्यकुमार के परिवार से मुलाकात की
- फोटो : Twitter
भारतीय टी20 टीम के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव ने परिवार के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है। सूर्यकुमार के साथ उनकी पत्नी देविशा और बेटी रिद्धिमा भी मौजूद रहीं। इस दौरान प्रधानमंत्री ने सूर्यकुमार की बेटी रिद्धिमा को गोद में लेकर दुलार किया। पीएम मोदी ने इसका वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। प्रधानमंत्री ने इसका वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा- दीपावली के माहौल में राम और सरयू का आगमन हुआ है। इससे दीपावली का वातावरण और भी पावन एवं दिव्य हो गया है।
पीएम मोदी ने सूर्यकुमार के परिवार से मुलाकात की
- फोटो : Twitter
प्रधानमंत्री ने भजन भी सुना
यह मुलाकात प्रधानमंत्री के आवास पर हुई। इस दौरान परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री ने परिवार की एक बच्ची से भजन भी सुना और वह इसे सुनकर काफी खुश भी हुए। सूर्यकुमार यादव फिलहाल भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। उन्होंने टीम इंडिया के साथ पिछला मैच टी20 विश्वकप 2026 में खेला था। उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड को हराकर टी20 विश्वकप का खिताब जीता था।
पीएम मोदी ने सूर्यकुमार के परिवार से मुलाकात की
- फोटो : Twitter
सूर्यकुमार के लिए दरवाजा नहीं हुआ बंद
हालांकि, खिताब के बाद सूर्यकुमार से न सिर्फ कप्तानी छीनी गई, बल्कि उन्हें टीम से बाहर किया गया। हालांकि, उनकी वापसी का दरवाजा बंद नहीं हुआ है। तब कहा गया था कि उन्हें खराब फॉर्म की वजह से बाहर किया गया। उन्हें घरेलू क्रिकेट में बेहतर प्रदर्शन करने और वापसी करने को कहा गया।
पीएम मोदी के सामने भजन गाती बच्ची
- फोटो : Twitter
सूर्यकुमार ने भारत के लिए खेले कितने मैच?
सूर्यकुमार ने भारत के लिए अब तक एक टेस्ट, 37 वनडे और 113 टी20 खेले हैं। 113 टी20 में इस पूर्व विश्व नंबर-एक बल्लेबाज के नाम 36.36 की औसत और 162.95 के स्ट्राइक रेट से 3272 रन हैं। इनमें 25 अर्धशतक और चार शतक शामिल हैं। इसके अलावा 37 वनडे में उन्होंने 25.77 की औसत से 773 रन बनाए। इनमें चार अर्धशतक शामिल हैं। एक टेस्ट में उनके नाम आठ रन हैं।
टी20 विश्वकप ट्रॉफी के साथ सूर्यकुमार यादव
- फोटो : BCCI
बतौर कप्तान सूर्यकुमार का कैसा रिकॉर्ड?
सूर्यकुमार ने 52 टी20 में टीम इंडिया की कप्तानी की। इसमें से भारत ने 40 टी20 जीते। आठ में भारत को हार का सामना करना पड़ा, जबकि दो मैच टाई रहे। दो मैचों का कोई नतीजा नहीं निकला। वह भारत के ऐसे कप्तान हैं, जिनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने कभी कोई द्विपक्षीय टी20 सीरीज नहीं गंवाई, न ही कभी कोई मल्टी टीम टूर्नामेंट गंवाई। उनको टीम से बाहर कर दिए जाने पर फैंस काफी नाराज हुए थे और इसका विरोध भी किया था।
सूर्यकुमार यादव
- फोटो : ANI
बतौर कप्तान बल्ले से निकले कितने रन?
हालांकि, टीम इंडिया का कप्तान बनने के बाद सूर्यकुमार के बल्ले से उम्मीद के मुताबिक रन नहीं निकले। उन्होंने बतौर कप्तान 52 मैचों की 49 पारी में 28.65 की औसत और 154.96 के स्ट्राइक रेट से 1232 रन बनाए। इनमें एक शतक और आठ अर्धशतक शामिल हैं। बतौर भारतीय टी20 कप्तान सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम दर्ज है। रोहित ने बतौर कप्तान 62 मैचों में 34.01 की औसत और 149.76 के स्ट्राइक रेट से 1905 रन बनाए। इनमें तीन शतक और 13 अर्धशतक शामिल हैं। वहीं, दूसरे नंबर पर विराट कोहली हैं, जिन्होंने 50 मैचों की 46 पारियों में 47.57 की औसत और 140.55 के स्ट्राइक रेट से 1570 रन बनाए। इनमें 13 अर्धशतक शामिल हैं।