भारतीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब तक अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया है। इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में उनका प्रदर्शन साधारण रहा था। उन्होंने तीन मैचों में 14, 13 और 15 रन बनाए थे। इसके बाद जिम्बाब्वे दौरे पर उन्होंने शानदार वापसी की और प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार जीता। तीन मैचों में वैभव ने 151 रन बनाए, जिसमें दो अर्धशतक शामिल थे। इसके साथ उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी सफेद गेंद की क्षमता का मजबूत संकेत दिया।
मोंटी पनेसर
- फोटो : Social Media
पनेसर ने टेस्ट तकनीक पर उठाए सवाल
टी20 में वैभव के प्रदर्शन को लेकर भले ही चर्चा हो रही हो, लेकिन टेस्ट क्रिकेट में उनके भविष्य को लेकर पूर्व खिलाड़ियों की राय अलग-अलग है। वैभव ने अभी तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लाल गेंद से क्रिकेट नहीं खेला है। इंग्लैंड के पूर्व स्पिनर मोंटी पनेसर का मानना है कि वैभव के लिए टेस्ट क्रिकेट में सफल होना आसान नहीं होगा। उन्होंने उनकी बल्लेबाजी तकनीक को लेकर सवाल उठाए।
पनेसर ने बियॉन्ड 23 क्रिकेट पॉडकास्ट पर कहा, 'मैं वैभव सूर्यवंशी को टेस्ट क्रिकेट में बदलाव करते हुए नहीं देख सकता। इस समय हैरी ब्रूक ही ऐसे खिलाड़ी हैं, जो टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय दोनों में शीर्ष 10 में हैं। लेकिन मुझे नहीं लगता कि सूर्यवंशी के पास जरूरी तकनीक है।'
माइकल क्लार्क
- फोटो : Michael Clarke-instagram/x
माइकल क्लार्क ने अलग राय रखी
हालांकि, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क वैभव को लेकर पनेसर से अलग राय रखते हैं। उन्होंने कहा कि एक खिलाड़ी तीनों प्रारूपों में सफल हो सकता है और इसके उदाहरण विराट कोहली और एबी डिविलियर्स हैं। क्लार्क ने कहा, 'मुझे लगता है कि आप तीनों प्रारूप खेल सकते हैं। विराट कोहली और एबी डिविलियर्स ने यह दिखाया है। वे शानदार टेस्ट क्रिकेटर और बेहतरीन टी20 क्रिकेटर भी थे। अगर इस पीढ़ी का कोई खिलाड़ी, जैसे सूर्यवंशी, टेस्ट क्रिकेट में बदलाव कर पाता है तो उसे देखना शानदार होगा। हालांकि, वह टेस्ट क्रिकेट खेलना चाहता है या नहीं, यह भी एक सवाल होगा।'
वैभव सूर्यवंशी
- फोटो : Twitter
दलीप ट्रॉफी में बना चुके हैं इतिहास
वैभव ने पिछले महीने ईस्ट जोन की ओर से सेंट्रल जोन के खिलाफ दलीप ट्रॉफी सेमीफाइनल में लाल गेंद के क्रिकेट में अपनी क्षमता की झलक दिखाई थी। 15 साल 157 दिन की उम्र में उन्होंने टूर्नामेंट के इतिहास में अर्धशतक लगाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड बनाया। वैभव शतक के भी करीब पहुंच गए थे, लेकिन वह इस उपलब्धि से महज आठ रन दूर रह गए। इस प्रदर्शन ने टेस्ट क्रिकेट में उनकी संभावनाओं को लेकर चर्चा को और बढ़ा दिया है।
वैभव सूर्यवंशी
वैभव का करियर
वैभव ने अब तक 11 प्रथम श्रेणी क्रिकेट मैच खेले हैं। इनमें उन्होंने 23.47 की औसत से 399 रन बनाए हैं। इनमें दो अर्धशतक शामिल हैं। वैभव का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 93 रन का रहा है। हालांकि, लिस्ट-ए और टी20 में वैभव का रिकॉर्ड शानदार है। उन्होंने 13 लिस्ट-ए मैचों में 43.38 की औसत और 176.80 के स्ट्राइक रेट से 564 रन बनाए हैं। इनमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं। वहीं, 40 टी20 मैचों में वैभव ने 42.82 की औसत और 216.32 के स्ट्राइक रेट से 1670 रन बनाए हैं। इनमें चार शतक और आठ अर्धशतक शामिल हैं। 144 रन उनका सर्वोच्च स्कोर है। भारत के लिए छह टी20 मैचों में वैभव 32.16 की औसत और 189.21 के स्ट्राइक रेट से 193 रन बनाए हैं। इनमें दो अर्धशतक शामिल हैं। 81 रन उनका सर्वोच्च स्कोर है।