वैभव सूर्यवंशी ने यूएई के खिलाफ महज 53 गेंदों में 204 रन की ऐतिहासिक पारी खेलकर क्रिकेट जगत में तहलका मचा दिया था। उनकी इस तूफानी पारी के पीछे एक खास शख्स की सलाह और 30 मिनट की फोन पर हुई बातचीत का भी अहम योगदान रहा। अब बीसीसीआई ने एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वैभव ने अपनी ऐतिहासिक पारी के पीछे की कहानी बताई और उस बातचीत का खुलासा किया।
बीसीसीआई ने वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा- युवराज सिंह के साथ 30 मिनट की फोन पर हुई बातचीत ने वैभव सूर्यवंशी की झिझक दूर कर दी। इसके बाद उन्होंने 28 छक्के और सात चौके की मदद से 204 रन की विश्व रिकॉर्ड पारी खेलकर इतिहास रच दिया। इस युवा सनसनी ने अब अपनी अविश्वसनीय पारी के पीछे की कहानी बताई है और खुलासा किया है कि आखिर वह ऐतिहासिक पल कैसे आया।
वैभव सूर्यवंशी
- फोटो : BCCI
'150 का तो मैंने अपना रिकॉर्ड तोड़ा...'
वीडियो की शुरुआत में वैभव कहते हैं, 'चलो बैठ जाते हैं, पांव दुख रहा है।' फिर दर्शक दीर्घा से कुछ फैंस चिल्लाते हुए नजर आते हैं, 'एक...दो...तीन...चार, वैभव भैया छक्के मार।' इसके बाद उनसे कहा जाता है कि उन्होंने सबसे तेज 150 और सबसे तेज 200 का रिकॉर्ड बना दिया है। इस पर वैभव ने कहा, 'सबसे तेज 150? वो तो मेरा ही रिकॉर्ड था। मैंने फिर इसे तोड़ दिया।'
वैभव सूर्यवंशी
- फोटो : BCCI
वैभव ने मैच से पहले किन चार लोगों से की बात?
आगे वैभव बताते हैं, 'मैंने कल (मैच से एक दिन पहले) चार लोगों से बात की। सिर्फ चार लोगों से। एक तो मेरे पिता। एक मेरे बचपन के कोच मनीष ओझा। एक मेरे अंडर-19 क्रिकेट का एक दोस्त प्रथम जाचक। चौथे युवराज सिंह सर थे। उनसे मैंने करीब आधे घंटे बात की। उन्होंने मुझे काफी कुछ समझाया और बताया बैटिंग को लेकर। इस मैच से पहले मैंने उतना अच्छा क्रिकेट नहीं खेला था, तो मैं काफी परेशान था। इस वजह से मैंने युवराज सर से खुल कर बात की। मैंने उन्हें बताया कि जब भी मैं बल्लेबाजी के लिए क्रीज पर जाता हूं, मुझे ये-ये समस्याएं आ रही हैं। तो उन्होंने मुझे अच्छे से सबकुछ आधे घंटे तक एक्सप्लेन किया।'
वैभव सूर्यवंशी और युवराज
- फोटो : BCCI
'20 गेंद खेल लिया तो स्कोर अलग होगा...'
वैभव ने बताया, 'युवराज सर ने मुझसे बस इतना कहा कि अगर तुम 20 बॉल खेलते हो तो स्कोर अलग होगा। और भी कई टेक्निकल चीजें उन्होंने मुझे बताईं। इसने मुझे 204 रन बनाने में काफी मदद किया। माइंडसेट बस ये था कि जाकर देखूं विकेट कैसा है। यही किया मैंने। विकेट पर जाकर एक दो गेंद देखा। फिर लगा कि गेंद बल्ले पर अच्छे से आ रही है, तो मैंने अपना गेम प्लान लागू किया।'
युवराज, वैभव और अभिषेक
- फोटो : BCCI
'युवराज सर मेरे आदर्श हैं, उनकी सलाह काम आई'
वैभव ने कहा, 'यह आसान नहीं था। मैंने आपको बताया न कि पिछले दो मैच जैसे गुजरे, और उससे पहले भी एक डोमेस्टिक मैच मैंने खेला था, तो रन नहीं बने थे। तो थोड़ा मेरा मन डायवर्ट हो रहा था कि क्या चल रहा है। फिर युवी सर से मैंन बात की और युवी सर मेरे आदर्श हैं और जब आप अपने आदर्श से बात करते हो तो उनकी हर बात ध्यान से सुनते हो। तो मैंने युवी सर की बात ध्यान से सुनी और उन्होंने काफी सारी चीजें पॉइंट पॉइंट की बताईं। फिर मैंने भी अपनी बैटिंग के वीडियोज देखे तो लगा कि यहां पर मैं ये गलती कर रहा हूं। तो मैंने यूएई के खिलाफ कोशिश किया कि वो गलती न करूं। युवी सर ने जो मुझे एक-दो चीजें बताईं, वो इस्तेमाल करूं। उसने मेरी काफी मदद की।'
वैभव सूर्यवंशी
- फोटो : BCCI
वैभव ने किन तीन मैचों का किया जिक्र?
वैभव पिछले कुछ मैचों में रन बनाने के लिए जूझ रहे थे। इस मैच से पहले पिछली सात पारियों में उनके बल्ले से कुल 157 रन निकले थे। इनमें 11, 26, 18, 45, 4, 15 और 38 रन की पारियां शामिल हैं। 11 रन उन्होंने पाकिस्तान-ए के खिलाफ पिछले मैच में बनाए थे। वहीं, 26 रन वैभव ने नेपाल के खिलाफ बनाए थे। 18 रन उन्होंने बिहार के लिए खेलते हुए सौराष्ट्र के खिलाफ बनाए थे। भारत के न्यूजीलैंड दौरे पर दो टी20 में उन्हें खेलने का मौका मिला था, जिसमें उन्होंने 45 और चार रन की पारियां खेली थीं। वहीं, पाकिस्तान के खिलाफ एशियन गेम्स फाइनल में वैभव ने 15 रन और श्रीलंका के खिलाफ एशियन गेम्स में ही 38 रन बनाए थे।
वैभव सूर्यवंशी
- फोटो : BCCI
वैभव का अब तक क्रिकेटिंग करियर
वैभव ने अब तक 10 टी20 अंतरराष्ट्रीय खेले हैं। इसमें 29.50 की औसत और 185.53 के स्ट्राइक रेट से 295 रन बनाए हैं। इनमें दो अर्धशतक शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने 11 फर्स्ट क्लास और 16 लिस्ट-ए मैच भी खेले हैं। 11 फर्स्ट क्लास मैचों में उनके नाम 23.47 की औसत और 96.61 के स्ट्राइक रेट से 399 रन हैं। इनमें दो अर्धशतक शामिल हैं। इसके अलावा 16 लिस्ट-ए मैचों में वैभव ने 50.31 की औसत और 193.04 के स्ट्राइक रेट से 805 रन बनाए हैं। इनमें दो शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं। ओवरऑल 45 टी20 में वैभव ने 40.68 की औसत और 212.84 के स्ट्राइक रेट से 1790 रन बनाए हैं। इनमें चार शतक और आठ अर्धशतक भी शामिल हैं।