फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs ENG: क्या वैभव को मौका देने के लिए किसी स्टार को बाहर करना सही होगा? पुजारा-गावस्कर ने दी अलग-अलग सलाह

Thu, 02 Jul 2026 03:22 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू को लेकर चेतेश्वर पुजारा और सुनील गावस्कर ने अपनी राय रखी। पुजारा ने कहा कि वैभव को मौका मिलना चाहिए, लेकिन किसी खिलाड़ी को ड्रॉप करके नहीं। वहीं गावस्कर का मानना है कि डेब्यू में हो रही देरी युवा बल्लेबाज पर अतिरिक्त दबाव बढ़ा सकती है।
विज्ञापन
अर्शदीप, वैभव और तिलक - फोटो : IANS
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

15 साल के वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया में जगह मिलने के बावजूद अब तक अंतरराष्ट्रीय डेब्यू का मौका नहीं मिला है। आयरलैंड सीरीज और इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 में भी वह बेंच पर बैठे रहे। इस बीच भारत के दो पूर्व दिग्गज बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा और सुनील गावस्कर ने युवा बल्लेबाज को लेकर अपनी राय रखी है। दोनों का मानना है कि वैभव प्रतिभाशाली हैं और उन्हें मौका मिलना चाहिए, लेकिन टीम संयोजन और समय को लेकर दोनों ने अलग-अलग नजरिया पेश किया।
विज्ञापन

'वैभव को मौका मिले, लेकिन किसी को ड्रॉप करके नहीं'
चेतेश्वर पुजारा का मानना है कि वैभव सूर्यवंशी ने अपनी प्रतिभा से मौका जरूर कमाया है, लेकिन उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल करने के लिए मौजूदा टॉप ऑर्डर को तोड़ना सही फैसला नहीं होगा। उन्होंने कहा, 'अगर वैभव को खेलना है, तो उन्हें खेलना चाहिए, लेकिन किसी को ड्रॉप करके नहीं, बल्कि किसी को आराम देकर। अगर आप उन्हें मौका देना चाहते हैं, तो ठीक है। हालांकि, आपको भारत के टॉप तीन खिलाड़ी में से किसी को भी ड्रॉप नहीं करना चाहिए, चाहे वह संजू हो, अभिषेक हो या ईशान किशन। इसके बावजूद, वैभव एक मौके के हकदार हैं, और उन्हें मौका मिलेगा।'

पुजारा ने संजू सैमसन का भी समर्थन किया और कहा कि लगातार उनके स्थान पर सवाल उठाना सही नहीं है। पुजारा ने कहा, 'मुझे लगता है कि भारत को संजू सैमसन के साथ बने रहना चाहिए। मुझे नहीं लगता कि उन्हें कोई दबाव महसूस करना चाहिए। उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में खुद को साबित किया है और उनके पास जिस तरह का टैलेंट है, उसे देखते हुए उन्हें प्लेइंग इलेवन में होना चाहिए।'

चेतेश्वर पुजारा - फोटो : ANI
गावस्कर बोले- देरी से बढ़ेगा दबाव
पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर का मानना है कि डेब्यू में लगातार हो रही देरी युवा बल्लेबाज पर अतिरिक्त मानसिक दबाव डाल सकती है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि 15 साल की उम्र में खिलाड़ी दबाव को अलग तरीके से लेता है। उन्होंने कहा, 'वैभव को जब भी मौका मिलेगा, तो यह देरी उन पर और अधिक दबाव डालेगी। हालांकि, 15 साल की उम्र में आप दबाव के बारे में ज्यादा कुछ नहीं सोचते हैं। वह जानते हैं कि अगर उन्हें दूसरे और तीसरे मैच में मौका मिला, तो उन्हें हर हाल में अच्छा प्रदर्शन करके दिखाना होगा।'

गावस्कर ने कहा, 'मगर वह टीम में आकर खुश हैं। भारतीय टीम शानदार खिलाड़ियों से भरी हुई है, जिनसे वैभव काफी कुछ सीख सकते हैं।' अगर वैभव इंग्लैंड के खिलाफ इस सीरीज में डेब्यू करते हैं तो वह पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन जाएंगे। साथ ही वह 16 साल की उम्र में डेब्यू करने वाले सचिन तेंदुलकर का भारतीय रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ देंगे।

चेतेश्वर पुजारा - फोटो : Twitter
श्रेयस अय्यर की कप्तानी पारी की तारीफ
पुजारा ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 में कप्तान श्रेयस अय्यर की बल्लेबाजी की भी सराहना की। भारत ने शुरुआती छह रन पर दो विकेट गंवा दिए थे, लेकिन अय्यर ने अभिषेक शर्मा के साथ 82 रन की साझेदारी कर टीम को संभाला। पुजारा ने कहा, 'श्रेयस अय्यर की यह एक अहम पारी थी, और जब आप टीम को लीड कर रहे होते हैं, तो आप हमेशा आगे से लीड करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने बहुत परिपक्वता दिखाई, क्योंकि भारत कुछ शुरुआती विकेट गंवाने के बाद मुश्किल में था।'
विज्ञापन

सुनील गावस्कर - फोटो : ANI
उन्होंने कहा, 'अभिषेक ने अच्छी पारी खेली, लेकिन श्रेयस के लिए एक छोर संभाले रखना और अपना समय लेना जरूरी था। एक बार जब वह सेट हो गए, तो उन्होंने कुछ अच्छे शॉट खेले। अगर आप 20 ओवर के आखिर में उनकी पारी देखेंगे, तो आपको पता चलेगा कि एक कप्तान के तौर पर आपने अपना काम किया है। आपने अपनी टीम को बहुत मजबूत स्थिति में पहुंचाया है। यह श्रेयस की एक कप्तान और एक बल्लेबाज, दोनों के तौर पर एक परफेक्ट पारी थी।'

अब दूसरे टी20 पर नजर
भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा टी20 चार जुलाई को मैनचेस्टर में खेला जाएगा। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या टीम मैनेजमेंट वैभव सूर्यवंशी को आखिरकार डेब्यू का मौका देगा या युवा बल्लेबाज को एक मैच और इंतजार करना पड़ेगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें