फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आखिर ख्वाजा की किताब में ऐसा क्या है, जिससे ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में मचा बवाल? 2 खिलाड़ियों पर लगाए गंभीर आरोप

Wed, 11 Nov 2026 08:38 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, सिडनी

सार

उस्मान ख्वाजा ने अपनी आत्मकथा 'सब्र' में 2018 के सैंडपेपरगेट विवाद पर कई बड़े खुलासे किए हैं। उन्होंने दावा किया कि पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को गेंद से छेड़छाड़ की जानकारी थी। ख्वाजा ने दो साथियों पर सामूहिक जिम्मेदारी से बचने और एक गेंदबाज पर टीवी शो में झूठ बोलने का आरोप लगाया है।
विज्ञापन
उस्मान ख्वाजा की किताब में चौंकाने वाले खुलासे - फोटो : Twitter
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट के सबसे विवादित अध्यायों में शामिल सैंडपेपरगेट एक बार फिर चर्चा में है। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा 'सब्र' (Sabr) पूरी तरह सामने आने के बाद 2018 में दक्षिण अफ्रीका दौरे पर हुई गेंद से छेड़छाड़ की घटना को लेकर कई नए खुलासे हुए हैं। ख्वाजा ने दावा किया है कि इस घटना की जानकारी पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को थी और टीम के कई खिलाड़ी इसमें किसी न किसी तरह शामिल थे। इतना ही नहीं, उन्होंने अपने कुछ साथियों पर मुश्किल समय में स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और कैमरन बेनक्रॉफ्ट की जिम्मेदारी साझा नहीं करने का आरोप भी लगाया है।

विज्ञापन
Trending Videos

वॉर्नर, स्मिथ, ख्वाजा और बैनक्रॉफ्ट - फोटो : Twitter
2018 में क्या था सैंडपेपरगेट विवाद?
ख्वाजा ने अपनी किताब में स्वीकार किया कि उन्होंने खुद गेंद से छेड़छाड़ नहीं की थी, लेकिन उन्हें पूरी घटना की जानकारी थी और वह इसका विरोध भी नहीं कर रहे थे। उन्होंने यह भी बताया कि गेंद से छेड़छाड़ की शुरुआत केपटाउन टेस्ट से पहले पोर्ट एलिजाबेथ में खेले गए दूसरे टेस्ट में ही हो गई थी। केपटाउन में तीसरे टेस्ट के दौरान कैमरन बेनक्रॉफ्ट को सैंडपेपर से गेंद को घिसते हुए कैमरे में पकड़ा गया था। 

बाद में तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ, उपकप्तान डेविड वॉर्नर और बेनक्रॉफ्ट पर कार्रवाई हुई थी। स्मिथ और वॉर्नर पर एक-एक साल का प्रतिबंध लगाया गया था, जबकि बेनक्रॉफ्ट को नौ महीने का प्रतिबंध झेलना पड़ा था। अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके ख्वाजा ने अपनी किताब में इस पूरे मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। उनके खुलासे ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या सैंडपेपरगेट की पूरी सच्चाई कभी सामने आई थी?

वॉर्नर, बैनक्रॉफ्ट और स्मिथ - फोटो : Twitter
खुद गेंद से छेड़छाड़ नहीं की, लेकिन सब कुछ पता था: ख्वाजा
ख्वाजा ने अपनी किताब में सैंडपेपरगेट को लेकर अपनी भूमिका पर भी खुलकर बात की। उन्होंने माना कि वह इस पूरी घटना से अनजान नहीं थे और उन्हें पता था कि टीम में क्या चल रहा है। हालांकि, उन्होंने खुद गेंद को खरोंचने या उसकी स्थिति बदलने का काम नहीं किया था। ख्वाजा ने लिखा, 'मैंने व्यक्तिगत रूप से कभी गेंद से छेड़छाड़ नहीं की। मेरा मतलब है कि मैंने गेंद को खरोंचने या उसके साथ ऐसा कुछ करने का काम नहीं किया। लेकिन मुझे पता था कि क्या कुछ चल रहा है और मैं इसके खिलाफ भी नहीं था। इसका मतलब है कि मैं भी इस मामले में दोषी हूं।'

पोर्ट एलिजाबेथ टेस्ट में कैसे हुई थी सैंडपेपर से छेड़छाड़?
ख्वाजा ने अपनी किताब में दावा किया कि ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पोर्ट एलिजाबेथ टेस्ट में भी गेंद से छेड़छाड़ की थी। यह वही मुकाबला था, जिसमें ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को रिवर्स स्विंग हासिल करने में काफी मदद मिली थी। ख्वाजा के मुताबिक, टीम के खिलाड़ियों को पता था कि अंपायर गेंद को सीमा रेखा के पास रखेंगे और उस दौरान कैमरों की नजर उन पर नहीं होगी।

गेंद से छेड़छाड़ करते बैनक्रॉफ्ट - फोटो : Twitter
उन्होंने लिखा, 'हम सभी जानते थे कि जब हम मैदान पर उतरेंगे तो अंपायर गेंद को बाउंड्री पर रखेंगे। उस समय हम पर कोई कैमरा नहीं होगा और अंपायर हमसे करीब 100 मीटर आगे होंगे। इसके बाद हम जो चाहें कर सकते थे। तुरंत ही बुल (डेविड वॉर्नर) ने कहा, 'मैं यह नहीं कर सकता, वे सभी मुझ पर नजर रख रहे हैं।' मैं खुद ऐसा करने वाला नहीं था और न ही मुझे लगता था कि कोई दूसरा ऐसा करेगा। इसलिए मैं सिर्फ हंस दिया। फिर कैमरन बेनक्रॉफ्ट, जो उस समय अपने टेस्ट करियर के सिर्फ छह मैच खेले थे और शायद टीम में अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रहे थे, उन्होंने कहा- मैं यह करूंगा। जब कोई चीज बहुत आम हो जाती है, जैसे कई वर्षों तक टूर डी फ्रांस में डोपिंग का चलन रहा था, तो उसमें शामिल न होना मुश्किल हो जाता है। या तो आप मुकाबला करें या फिर पीछे छूट जाएं। हालांकि, इससे यह सही नहीं हो जाता।'

गेंद से छेड़छाड़ करते बैनक्रॉफ्ट - फोटो : Twitter
ख्वाजा ने आगे बताया कि गेंद से छेड़छाड़ के बाद ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को इसका फायदा भी मिला था। उन्होंने लिखा, 'अगले सत्र में हमने दक्षिण अफ्रीकी टीम की जमकर धुनाई की। उस सत्र के दौरान जब भी गेंद गली में मेरे पास आती, मैं उसे देखता और सोचता कि वाह, इस गेंद से तो मैं भी रिवर्स स्विंग हासिल कर सकता हूं। मुझे पता है कि आप अभी क्या सोच रहे होंगे। क्या आप लोग केपटाउन में पकड़े गए थे, पोर्ट एलिजाबेथ में नहीं? हां, हम पकड़े केपटाउन में गए थे, लेकिन किसने कहा कि हमने उससे पहले वाले मैच में ऐसा नहीं किया था?'

बड़े पर्दे पर बेनक्रॉफ्ट को देखकर उड़ गए थे खिलाड़ियों के होश
ख्वाजा ने किताब में उस पल का भी जिक्र किया, जब केपटाउन टेस्ट के दौरान बड़े पर्दे पर कैमरन बेनक्रॉफ्ट को सैंडपेपर से गेंद की स्थिति बदलते हुए दिखाया गया था। उनके मुताबिक, उस समय मैदान पर मौजूद सभी ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी घबरा गए थे। टीम को समझ आ गया था कि अब यह मामला पूरी दुनिया के सामने आ चुका है।

ख्वाजा ने लिखा, 'उस समय मैदान पर मौजूद सभी खिलाड़ी बुरी तरह डरे हुए थे। सबसे ज्यादा घबराहट बेंगर्स (कैमरन बेनक्रॉफ्ट) को थी। इसके बाद बड़े पर्दे पर सबसे बड़ा झटका लगा। उसमें दिखाया गया कि कैमरन सैंडपेपर निकाल रहे हैं और उसे अपने अंडरवियर में रख रहे हैं। उस समय तक हमें समझ आ गया था कि हमने बहुत बड़ी गलती कर दी है।'

गेंद से छेड़छाड़ करते बैनक्रॉफ्ट - फोटो : Twitter
दो खिलाड़ियों ने नहीं ली सामूहिक जिम्मेदारी, ख्वाजा बोले- उनके असली रंग दिख गए
ख्वाजा की किताब का सबसे चौंकाने वाला हिस्सा वह है, जिसमें उन्होंने सैंडपेपरगेट के बाद ऑस्ट्रेलियाई ड्रेसिंग रूम के भीतर की स्थिति का जिक्र किया है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और कैमरन बेनक्रॉफ्ट को सबसे ज्यादा आलोचना और सजा झेलनी पड़ी, जबकि टीम के दूसरे सदस्य भी घटना से अनजान नहीं थे। ख्वाजा के मुताबिक, टीम के दो सदस्य ऐसे थे, जो इस घटना की सामूहिक जिम्मेदारी लेने के पक्ष में नहीं थे। उन्होंने इन दोनों के नाम तो नहीं बताए, लेकिन उनके रवैये पर कड़ी नाराजगी जाहिर की।



ख्वाजा ने लिखा, 'यह मेरे लिए सबसे ज्यादा निराशाजनक बात थी। मुझे पता था कि वे दो लोग कौन थे और यह बहुत ही बेतुका था कि बाकी सभी लोगों में से वे दोनों ऐसा कर रहे थे। हालांकि, इससे मुझे उनके असली रंग दिख गए। जब मुश्किल समय आया तो उन्हें सिर्फ अपनी चिंता थी। लेकिन मैं इस मुद्दे पर लड़ना बंद नहीं करने वाला था। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इसके बाद बहुत ही अधूरी जांच की। ऐसा लग रहा था कि वे पूरी सच्चाई सामने लाना ही नहीं चाहते थे।'

ख्वाजा ने यह भी कहा कि उन्हें आज तक यह सही नहीं लगता कि इस घटना का पूरा बोझ सिर्फ स्मिथ, वॉर्नर और बेनक्रॉफ्ट को उठाना पड़ा। उन्होंने तीनों खिलाड़ियों से माफी भी मांगी। उन्होंने लिखा, 'मुझे अब भी नहीं लगता कि उन तीनों लड़कों को ही इस घटना का पूरा खामियाजा भुगतना सही था। उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई और इसका मानसिक असर हमेशा उनके साथ रहेगा। जब तक मैं इस बारे में नहीं बोलूंगा, उन्हें यह बोझ उठाते रहना पड़ेगा। यह बिल्कुल साफ है कि मुझे पता था कि क्या चल रहा था। मैं उन तीनों खिलाड़ियों से सिर्फ माफी मांगना चाहता हूं। हमने आपको निराश किया।'

वॉर्नर और ख्वाजा - फोटो : ANI
डेविड वॉर्नर को लेकर क्या बोले ख्वाजा?
ख्वाजा ने अपने लंबे समय के दोस्त और सलामी जोड़ीदार डेविड वॉर्नर का विशेष रूप से जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में सबसे ज्यादा दोष वॉर्नर पर मढ़ा गया, जबकि वह इस साजिश के अकेले सूत्रधार नहीं थे। ख्वाजा ने माना कि इस घटना में पूरी टीम की भूमिका थी और इसकी जिम्मेदारी भी सभी को लेनी चाहिए थी।

उन्होंने लिखा, 'लेकिन सबसे ज्यादा उस व्यक्ति के लिए, जिसे इस घटना का सबसे बड़ा दोषी ठहराया गया, मेरे अच्छे दोस्त डेविड। तुम्हें अपनी पूरी जिंदगी यह बोझ उठाने की जरूरत नहीं होनी चाहिए। पिछले कई वर्षों में इस घटना को लेकर तुम्हें किसी भी दूसरे व्यक्ति से ज्यादा अपमान और आलोचना झेलनी पड़ी है। तुम इस पूरी योजना के सूत्रधार नहीं थे। हम सभी इसके सूत्रधार थे।'

कमिंस, स्मिथ और स्टार्क - फोटो : ANI
टीवी शो में गेंदबाज ने जानकारी होने से किया था इनकार, वॉर्नर थे नाराज
ख्वाजा ने एक और घटना का जिक्र किया, जिसमें ऑस्ट्रेलिया के एक गेंदबाज ने गेंद से छेड़छाड़ की जानकारी होने से साफ इनकार कर दिया था। उनके मुताबिक, उस गेंदबाज को टीवी शो 'द बैक पेज' में बुलाया गया था और उससे सीधे पूछा गया था कि क्या उसे गेंद से छेड़छाड़ के बारे में कुछ पता था। उसने इस बात से पूरी तरह इनकार कर दिया था।

इस जवाब से डेविड वॉर्नर काफी नाराज हुए थे। उन्होंने ख्वाजा को उस इंटरव्यू की वीडियो क्लिप भी भेजी थी। ख्वाजा ने किताब में बताया कि वॉर्नर ने उनसे इस मुद्दे पर बात की थी और उन्हें अपनी राय रखने के बाद यह समझाया था कि अब सजा मिल चुकी है और इस मामले को दोबारा उठाने से शायद कोई फायदा नहीं होगा।
विज्ञापन

स्टार्क, कमिंस और हेजलवुड - फोटो : ANI
ख्वाजा ने लिखा, 'एक गेंदबाज टीवी शो 'द बैक पेज' में गया था और उससे सीधे पूछा गया कि क्या उसे गेंद से छेड़छाड़ के बारे में कुछ पता था। उसने साफ तौर पर इससे इनकार कर दिया। डेविड इससे बहुत नाराज था और उसकी नाराजगी जायज भी थी। मुझे याद है कि उसने मुझे मैसेज किया था और उस इंटरव्यू की क्लिप भेजी थी। उसने मेरी बात सुनी और जब मैंने अपनी पूरी नाराजगी जाहिर कर दी तो उसने मेरी तरफ देखा और कहा, 'उजी, दुर्भाग्य से इसका असर सभी पर पड़ता है, दोस्त, सिर्फ तुम पर नहीं। तुम बाहर आकर ये सारी बातें कह सकते हो, लेकिन क्या इससे वास्तव में कुछ मदद मिलेगी? सजा पहले ही सुनाई जा चुकी है। अगर कुछ होगा तो इससे हालात और खराब ही होंगे।'

ख्वाजा ने उस गेंदबाज का नाम सार्वजनिक नहीं किया है। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाजी और स्पिन गेंदबाजी समूह में पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और नाथन लियोन शामिल थे। इन चारों ने 2021 में एक संयुक्त बयान जारी कर गेंद से छेड़छाड़ की जानकारी होने से इनकार किया था। ऐसे में ख्वाजा के खुलासे के बाद एक बार फिर उस दौर की घटनाओं और खिलाड़ियों की भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें