ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने शुक्रवार को बिग बैश लीग (BBL) में इतिहास रचते हुए अपना चौथा शतक ठोका और सर्वकालिक सूची में डेविड वॉर्नर और बेन मैकडरमॉट को पीछे छोड़ दिया। सिडनी सिक्सर्स और सिडनी थंडर के बीच सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए इस मैच में स्मिथ ने महज 41 गेंदों में शतक पूरा किया। खास बात यह रही कि उन्होंने 12वें ओवर में रायन हेडली से 32 रन बटोरे, जो बिग बैश लीग इतिहास का सबसे महंगा ओवर बन गया।
IPL में अनसोल्ड, BBL में धमाका
2024 में अंतरराष्ट्रीय टी20 से संन्यास लेने वाले स्मिथ दिसंबर 2025 की IPL नीलामी में भी अनसोल्ड रहे। उन्होंने अपना बेस प्राइस दो करोड़ रुपये रखा था, लेकिन किसी फ्रेंचाइजी ने बोली नहीं लगाई। हालांकि बीबीएल में उनकी इस पारी ने चर्चा का रुख पूरी तरह बदल दिया और इसे क्रिकेट फैंस ने एक तरह का ‘स्टेटमेंट इनिंग’ माना।
वॉर्नर से आगे निकले
इस मैच से पहले स्मिथ तीन-तीन शतकों के साथ मैकडरमॉट के बराबर थे, जबकि थंडर कप्तान डेविड वॉर्नर ने भी उसी मैच की पहली पारी में अपना तीसरा बिग बैश लीग शतक जड़कर बराबरी कर ली थी। लेकिन स्मिथ ने लक्ष्य का पीछा करते हुए शतक लगाकर सूची में अकेले शीर्ष पर जगह बना ली।
सिक्सर्स के लिए स्मिथ का रिकॉर्ड
स्मिथ अब तक बिग बैश लीग में सिक्सर्स के लिए 36 मैच और 35 पारियों में 1,318 रन बना चुके हैं। उनका औसत 48.81 और स्ट्राइक रेट लगभग 151 है, जिसमें चार शतक और आठ अर्धशतक शामिल हैं। वे 2011 से इस फ्रेंचाइजी के साथ जुड़े हैं।
मैच का हाल और वॉर्नर की चमक
सिक्सर्स ने पहले गेंदबाजी चुनी। थंडर की तरफ से वॉर्नर ने 65 गेंदों में 110* रन बनाकर अपने टी20 करियर में ‘10 शतक क्लब’ में प्रवेश किया। इस सूची में पाकिस्तान के बाबर आजम (11) और वेस्टइंडीज के क्रिस गेल (22) भी शामिल हैं। इसके साथ ही वॉर्नर 14,000 टी20 रन पूरे करने वाले चौथे बल्लेबाज भी बने।
लक्ष्य का पीछा करते हुए स्मिथ और बाबर आजम (47 गेंदों में 39 रन, सात चौके) ने 141 रन की शुरुआती साझेदारी कर मैच का रुख बदल दिया। सिक्सर्स ने 190 रन का लक्ष्य 17.2 ओवर में पांच विकेट से हासिल कर लिया। जीत के बाद अंक तालिका में सिक्सर्स पांच जीत, तीन हार और एक बेनतीजा के साथ चौथे स्थान पर पहुंचे।