केपटाउन के न्यूलैंड्स क्रिकेट ग्राउंड में दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरे टेस्ट के दौरान दो ऑफिस कर्मचारियों का मजेदार वीडियो वायरल हो गया। दोनों अपने ऑफिस से मैच का आनंद ले रहे थे, लेकिन जैसे ही स्टेडियम की बड़ी स्क्रीन पर खुद को देखा, तुरंत कंप्यूटर की ओर मुड़कर काम करने का नाटक करने लगे। कमेंटेटर भी अपनी हंसी नहीं रोक सके।
स्टेडियम की स्क्रीन पर दिखे तो बदल गया अंदाज
यह मजेदार घटना मंगलवार, 27 अक्तूबर को केपटाउन के न्यूलैंड्स क्रिकेट ग्राउंड में दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरे टेस्ट के दौरान हुई। दोनों कर्मचारी ऐसे ऑफिस में काम करते दिखाई दिए, जहां से क्रिकेट मैदान नजर आता था। ऐसे में वे अपनी कुर्सियों पर बैठे-बैठे मैच पर नजर रख रहे थे।
इसी दौरान प्रसारण कैमरों का रुख उनकी ओर हुआ और दोनों स्टेडियम की बड़ी स्क्रीन पर दिखाई देने लगे। जैसे ही कर्मचारियों की नजर स्क्रीन पर पड़ी, उनका अंदाज अचानक बदल गया। दोनों तुरंत अपने कंप्यूटर मॉनिटर की तरफ मुड़े और इस तरह काम करने लगे, मानो ईमेल और स्प्रेडशीट में ही उनकी पूरी दिलचस्पी हो।
कमेंटेटर भी नहीं रोक पाए हंसी
मैच देखने से काम करने का नाटक करने तक का यह बदलाव इतना मजेदार था कि कमेंटेटर भी अपनी हंसी नहीं रोक सके। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, 'माफ करना दोस्तों!' इसके बाद इस पल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया। क्रिकेट प्रशंसकों को दोनों कर्मचारियों की प्रतिक्रिया काफी मजेदार लगी। ऑफिस के दौरान मैच पर नजर रखना कई लोगों के लिए जाना-पहचाना अनुभव हो सकता है, लेकिन हजारों दर्शकों के सामने स्टेडियम की बड़ी स्क्रीन पर पकड़े जाना उनके लिए अलग ही स्थिति थी।
दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच रोमांचक मुकाबला
एक तरफ दोनों कर्मचारियों ने अपने अंदाज से दर्शकों को हंसाया, वहीं मैदान पर दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच सीरीज का निर्णायक मुकाबला चल रहा था। तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर थीं। निर्णायक टेस्ट में पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका की टीम 82.3 ओवर में 329 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक ऑस्ट्रेलिया ने अपने छह विकेट गंवाए थे और वह दक्षिण अफ्रीका से केवल एक रन पीछे था। ऐसे में जहां मैदान पर मुकाबला बेहद करीबी बना हुआ था, वहीं मैदान के बाहर दो कर्मचारियों की मैच देखने की कोशिश और पकड़े जाने पर काम का नाटक करने का अंदाज चर्चा का विषय बन गया।