आईपीएल 2026 में विराट कोहली और ट्रेविस हेड के बीच हुए मैदान पर तनाव के बाद ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज की पत्नी जेसिका हेड को सोशल मीडिया पर भारी ट्रोलिंग और गालियों का सामना करना पड़ा। जेसिका ने कहा कि यह अनुभव उन्हें 2023 वर्ल्ड कप फाइनल के बाद मिली नफरत की याद दिलाता है। उन्होंने खेल में मानसिक स्वास्थ्य और संवेदनशीलता की जरूरत पर जोर दिया।
आईपीएल 2026 में विराट कोहली और ट्रेविस हेड के बीच मैदान पर हुई तीखी नोकझोंक अब सोशल मीडिया विवाद में बदल गई है। इस पूरे मामले के बाद ट्रेविस हेड की पत्नी जेसिका हेड ने खुलासा किया है कि उन्हें और उनके परिवार को ऑनलाइन गालियों और ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है। जेसिका ने कहा कि यह सब देखकर उन्हें 2023 वनडे विश्व कप फाइनल के बाद का समय याद आ गया, जब ट्रेविस हेड ने अहमदाबाद में भारत के खिलाफ शानदार 137 रन की मैच जिताऊ पारी खेली थी।
विज्ञापन
'दोस्तों और परिवार को भी निशाना बनाया जा रहा'
जेसिका ने ऑस्ट्रेलियाई मीडिया आउटलेट 'द एडवरटाइजर' से कहा कि वह सुबह उठीं तो उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स पर अभद्र संदेशों की बाढ़ आ चुकी थी। उन्होंने कहा, 'यह बिल्कुल वैसा ही लग रहा है जैसा वर्ल्ड कप के बाद हुआ था। मैं सुबह उठी तो मेरे सोशल मीडिया पर लगातार मैसेज आ रहे थे। हम ठीक हैं, लेकिन लोग मेरे दोस्तों और परिवार को भी निशाना बना रहे हैं।'
जेसिका ने खेलों में मानसिक स्वास्थ्य को लेकर गंभीर चर्चा की जरूरत बताई। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि इस समय सभी खेलों में मानसिक स्वास्थ्य, नजरिए और एक-दूसरे से बात करने के तरीके को लेकर जरूरी बातचीत होनी चाहिए। खेल में जुनून हमेशा रहेगा, लेकिन यह याद रखना भी जरूरी है कि खिलाड़ियों और उनके परिवारों के पीछे असली इंसान होते हैं। उम्मीद है कि इससे लोग एक-दूसरे के प्रति ज्यादा दयालु और सहयोगी बनेंगे।'
मैदान पर हुई बहस, सोशल मीडिया तक पहुंचा मामला; कोहली के फैंस से परेशान ट्रेविस हेड की पत्नी परेशान
- फोटो : ANI
विराट और हेड के बीच क्या हुआ था?
यह विवाद सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के मुकाबले के दौरान शुरू हुआ। मैच में जब विपक्षी बल्लेबाज तेजी से रन बना रहे थे, तब विराट कोहली को ट्रेविस हेड की ओर इशारा करते हुए देखा गया। ऐसा लगा मानो वह उन्हें गेंदबाजी करने के लिए कह रहे हों। एक मौके पर कोहली ने हेड को हटने का इशारा भी किया। बाद में ट्रेविस हेड गेंदबाजी के लिए आए और उन्होंने आरसीबी कप्तान रजत पाटीदार का विकेट लेकर मैच में असर डाला। इसी दौरान मैदान पर दोनों खिलाड़ियों के बीच कुछ शब्दों का आदान-प्रदान भी हुआ।
मैच खत्म होने के बाद एक वायरल वीडियो ने विवाद को और बढ़ा दिया। वीडियो में ऐसा दिखाई दिया कि विराट कोहली ने ट्रेविस हेड से हाथ नहीं मिलाया, जबकि उन्होंने पैट कमिंस, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन जैसे खिलाड़ियों से गर्मजोशी से मुलाकात की।
इरफान पठान ने किया कोहली का बचाव
पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने इस पूरे मामले में विराट कोहली का बचाव किया। उनका कहना था कि बड़े मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच इस तरह की तीखी बातचीत आम बात होती है और भावनाएं अक्सर हावी हो जाती हैं।
खेल से बड़ी हो गई सोशल मीडिया की लड़ाई
यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि आधुनिक खेलों में मैदान पर होने वाली छोटी घटनाएं सोशल मीडिया पर कितना बड़ा रूप ले सकती हैं। खिलाड़ियों के प्रदर्शन की आलोचना तक बात ठीक है, लेकिन परिवार और दोस्तों को निशाना बनाना खेल भावना और इंसानियत दोनों के खिलाफ माना जा रहा है।