ऑस्ट्रेलियाई कप्तान टिम पेन का कहना है कि इस साल के शुरू में टेस्ट शृंखला के दौरान भारतीयों ने अपनी बेमतलब की बातों से उनकी टीम का ध्यान भटका दिया था।
भारत ने पहले टेस्ट मैच की दूसरी पारी में 36 रन पर आउट होने के बाद शानदार वापसी करके चार मैचों की शृंखला 2-1 से जीती थी जबकि उसके कई खिलाड़ी चोटिल होने के कारण नहीं खेल रहे थे।
पेन ने न्यूज.कॉम.एयू से कहा, ‘वे आपको बेमतलब की बातों में फंसाने में माहिर हैं और ऐसी बातों से आपका ध्यान भटकाने की कोशिश करते हैं जो वास्तव में कोई मायने नहीं रखती हैं और उस शृंखला में कुछ अवसरों पर हम उनके इस जाल में फंस गए।’
उन्होंने कहा, ‘इसका सबसे अच्छा उदाहरण है कि जब उन्होंने कहा कि वे गाबा (ब्रिसबेन) नहीं जा रहे हैं और तब वास्तव में हम यह नहीं जानते थे कि हम कहां खेलने वाले हैं। वे इस तरह की परिस्थितियां तैयार करने में माहिर हैं और हमने मैचों से अपना ध्यान हटा दिया।’
वह उन असत्यापित रिपोर्टों के बारे में बात कर रहे थे जिनमें दावा किया गया था कि एकांतवास के कड़े नियम होने पर भारतीय टीम ब्रिसबेन में नहीं खेलेगी। गाबा में हालांकि आखिरी टेस्ट मैच खेला गया और भारत ने 328 रन का रिकॉर्ड लक्ष्य हासिल करकेशृंखला अपने नाम की थी।
एशेज में जीत के साथ विदाई चाहते हैं टिम
सत्र की शुरुआत में सितारों के बिना खेल रही भारतीय टीम के खिलाफ घरेलू सीरीज में ऑस्ट्रेलिया की हार के बाद से 36 वर्ष के पेन पर कप्तानी से हटने का दबाव है।
ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट कप्तान पेन ने संकेत दिया है कि अगर उनकी टीम इस साल एशेज क्रिकेट सीरीज में इंग्लैंड को हरा देती है तो वह कप्तानी से विदा ले लेंगे। उन्होंने स्टीव स्मिथ को अगला कप्तान बनाए जाने की भी हिमायत की। वहीं स्मिथ 2018 के गेंद से छेड़खानी प्रकरण से पहले ऑस्ट्रेलिया के कप्तान थे।
कप्तानी के लिए स्मिथ की पैरवी : पेन ने न्यूज डॉट कॉम डॉट एयू से कहा, ‘निश्चित तौर पर मैं फैसले नहीं लेता लेकिन मैंने जितना समय स्टीव की कप्तानी में खेला, वह शानदार था । वह तकनीक का धनी है।’
उन्होंने कहा, ‘वह बहुत कुछ मेरी तरह ही है। उन्हें काफी कम उम्र में कप्तानी सौंप दी गई जिसके लिए वह तैयार नहीं थे। लेकिन जब तक मैं आया , वह परिपक्व हो गए। उसके बाद दक्षिण अफ्रीका वाली घटना (गेंद से छेड़खानी) हो गई । लेकिन मैं उन्हें अगला कप्तान बनाए जाने का समर्थक हूं।’
पेन ने संकेत दिया कि ऑस्ट्रेलियाई टीम अगर इस साल एशेज में इंग्लैंड को हरा देती है तो वह पद छोड़ देंगे। उन्होंने कहा,‘कम से कम अगले छह टेस्ट तक तो हूं। मुझे लगेगा कि समय सही है और हम एशेज में जीत हासिल करते हैं तो वह जाने का सही समय होगा।’ ऑस्ट्रेलिया को अफगानिस्तान के खिलाफ एक और पांच टेस्ट मैच एशेज सीरीज में खेलने हैं।