आयरलैंड और इंग्लैंड में टी20 सीरीज गंवाने के बाद श्रेयस अय्यर ने आखिरकार जीत का स्वाद चखा और जिम्बाब्वे का 3-0 से सूपड़ा साफ किया। इस जीत के बाद ड्रेसिंग रूम का एक वीडियो चर्चा का विषय बन गया, जिसमें अंतरिम मुख्य कोच वीवीएस लक्ष्मण और कप्तान श्रेयस अय्यर एक-दूसरे की जमकर तारीफ करते नजर आए। श्रेयस ने टीम को संभालने और युवा खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ाने का श्रेय लक्ष्मण को दिया। हालांकि, उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर कई फैंस ने स्थायी मुख्य कोच गौतम गंभीर की कार्यशैली की तुलना शुरू कर दी और उन्हें लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगीं।
आइए जानते हैं पूरा मामला क्या है...
श्रेयस और लक्ष्मण ने एक-दूसरे की तारीफ की
दरअसल, भारत के नए टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर और अंतरिम मुख्य कोच वीवीएस लक्ष्मण ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 3-0 से मिली जीत में एक-दूसरे की भूमिका की सराहना की। भारत ने इस सीरीज में अपेक्षाकृत नई टीम उतारी थी जिसमें संजू सैमसन, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा जैसे कई खिलाड़ी शामिल नहीं थे। भारत ने रविवार को तीसरे और अंतिम टी20 मैच में 35 रन की जीत के साथ सीरीज में क्लीन स्वीप किया। भारत ने पहला मैच सात विकेट से और दूसरा टी20 90 रन से जीता था। तीसरे टी20 में जीत के बाद भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने ड्रेसिंग रूम का एक वीडियो साझा किया, जिसमें लक्ष्मण ने अय्यर की मजबूत मानसिकता की सराहना की है।
लक्ष्मण ने श्रेयस की कप्तानी की तारीफ की
- लक्ष्मण ने इस महीने की शुरुआत में इंग्लैंड के खिलाफ 0-4 की हार का जिक्र करते हुए कहा, 'मैं श्रेयस को विशेष रूप से बधाई देना चाहता हूं क्योंकि उनके कप्तानी करियर की शुरुआत थोड़ी मुश्किल रही, लेकिन जिस तरह से उन्होंने वापसी की, वह शानदार था। वह पहले मैच से एक दिन पहले जब हमसे जुड़े और तभी से जीत के लिए आश्वस्त थे।'
- उन्होंने कहा, 'इस टीम में कई नए खिलाड़ी शामिल थे। हम जानते हैं कि इंग्लैंड में खेलने वाले खिलाड़ियों में से केवल चार या पांच ही इस दौरे पर हमारे साथ शामिल थे, लेकिन वह आत्मविश्वास से भरे हुए थे। जिस तरह से कप्तान ने आप सभी को प्रेरित किया उसे देखते हुए इस जीत का बहुत सारा श्रेय कप्तान को जाता है।'
फिर अय्यर ने भी लक्ष्मण का आभार जताया
- इसके बाद अय्यर ने लक्ष्मण का आभार व्यक्त किया जिन्हें मुख्य कोच गौतम गंभीर को विश्राम दिए जाने के बाद इस दौरे के लिए अंतरिम कोच नियुक्त किया गया था। अय्यर ने कहा, 'इस सीरीज में कुछ कैच छोड़ने के अलावा हमारा प्रदर्शन बेदाग रहा। सहयोगी स्टाफ सहित टीम के हर सदस्य ने अपना योगदान दिया।'
- उन्होंने कहा, 'हमें प्रेरित करने और हमारा हौसला बढ़ाने के लिए वीवीएस सर आपका बहुत-बहुत धन्यवाद। हर दिन जब हम मैदान पर कदम रखते थे, तो मुझे लगता था कि आपने जो कुछ भी कहा वह बिल्कुल सही था और हम उससे जुड़ाव महसूस कर सकते थे। इसलिए आपका बहुत-बहुत आभार।'
फैंस ने सोशल मीडिया पर वायरल किया बयान
श्रेयस के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। फैंस ने इसे गंभीर से जोड़ते हुए कहा कि आयरलैंड और इंग्लैंड में गंभीर के कोच रहते भारतीय टीम टी20 सीरीज में एक भी मैच नहीं जीत पाई थी। आयरलैंड ने भारत को 2-0 से और इंग्लैंड ने पांच मैचों की सीरीज में 4-0 से हराया था। इसके बाद गंभीर समेत नए कप्तान श्रेयस की जमकर आलोचना हुई थी। भारतीय टीम फिर वनडे सीरीज भी 2-1 से गंवा बैठी थी।