पाकिस्तान सरकार ने अपनी क्रिकेट टीम को कोलंबो में भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाला मैच नहीं खेलने के लिए कहा है। इससे पहले सुरक्षा कारणों से भारत में खेलने से इनकार पर बांग्लादेश को विश्व कप से हटाकर स्कॉटलैंड को उसकी जगह शामिल किया गया। टी20 विश्वकप 2026 से पहले पाकिस्तान-बांग्लादेश के ड्रामे ने माहौल खराब कर दिया है।
टी20 विश्व कप का आगाज सात फरवरी से होना है। इससे पहले गुरुवार को मुंबई और कोलंबो में कैप्टंस मीट का आयोजन किया गया। इस दौरान कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान के बहिष्कार के ड्रामे पर बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि हमने पाकिस्तान से खेलने पर मना नहीं किया है, उन्होंने खेलने से इनकार किया है। भारतीय कप्तान ने कहा, 'भारत खेलने को तैयार है। आईसीसी ने शेड्यूल तय किया था और हम खेलने को तैयार हैं। हमारी टिकट भी बुक हैं। पहले हम मुंबई में अमेरिका और फिर दिल्ली में कनाडा के खिलाफ खेलेंगे। इन दोनों मैच के बाद हम दिल्ली से कोलंबो के लिए रवाना हो रहे हैं।' टी20 विश्व कप से पहले आईसीसी ने कप्तानों के एकजुट होने को कैप्टंस कारनीवाल नाम दिया। आधे कप्तान मुंबई में जबकि आधे कप्तान कोलंबो में इकट्ठा हुए। आईसीसी ने इसकी तस्वीर भी साझा की है।
विज्ञापन
पीसीबी नहीं, पाकिस्तान सरकार ने किया एलान
दरअसल, पाकिस्तान सरकार ने 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच कोलंबो में होने वाले मैच का बहिष्कार करने का एलान किया है। यह एलान पीसीबी की ओर से नहीं, बल्कि पाकिस्तान सरकार की तरफ से आया है। उन्होंने प्रेस रिलीज जारी कर इसका एलान किया। हालांकि, आईसीसी ने कहा था कि उन्हें पीसीबी की ओर से कोई जानकारी नहीं मिली है। इससे पहले सुरक्षा कारणों से भारत में खेलने से इनकार पर बांग्लादेश को विश्व कप से हटाकर स्कॉटलैंड को उसकी जगह शामिल किया गया था। भारत पाकिस्तान मैच क्रिकेट के सबसे दिलचस्प मुकाबलों में से एक है और इससे काफी रेवेन्यू जनरेट होता है। पाकिस्तान द्वारा बहिष्कार की स्थिति में रेवेन्यू को नुकसान पहुंचेगा।
शरीफ ने अपने बयान में क्या कहा था
वहीं, भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप के मैच के बहिष्कार को सही फैसला बताते हुए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ने कहा कि बांग्लादेश के समर्थन के लिए यह सोच समझकर लिया गया फैसला बताया था। शरीफ ने बुधवार को सरकार की एक बैठक के बाद कहा, 'हमने टी20 विश्व कप पर स्पष्ट रूख अपनाया है कि हम भारत के खिलाफ नहीं खेलेंगे क्योंकि खेल के मैदान पर कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए। हमने सोच समझकर यह रूख अपनाया है और हम पूरी तरह से बांग्लादेश के साथ हैं। मुझे लगता है कि यह बिल्कुल सही फैसला है।'
शरीफ का दोहरा चेहरा उजागर
जवाब में बांग्लादेश के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने जवाब में अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर लिखा, 'शुक्रिया पाकिस्तान।' हालांकि, एक तरफ शरीफ खेल और सियासत को अलग रखने की बात कर रहे हैं और दूसरी तरफ उनकी सरकार ही पीसीबी को नहीं खेलने के लिए कह रही है। इससे पाकिस्तान, पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी और पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ का दोहरा चेहरा बेनकाब हो गया।
आईसीसी ने पीसीबी को दी है चेतावनी
आईसीसी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को चेताया है कि यह हाई प्रोफाइल मैच नहीं खेलने पर उसे गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। प्रसारकों, प्रायोजकों और विज्ञापनदाताओं के लिये यह मैच कमाई का सबसे बड़ा जरिया है। पाकिस्तानी टीम बाकी लीग मैच खेलने कोलंबो पहुंच गई है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड कह चुका है कि भारत का सामना अगर नॉकआउट चरण में होता है तो वह सरकार की सलाह पर अमल करेगा। पीसीबी प्रमुख मोहसिन नकवी ने कहा था कि बांग्लादेश को बाहर करने का फैसला सही नहीं है और सुरक्षा चिंताओं का निवारण किया जाना चाहिए था।
रहमान को बाहर करने से शुरू हुआ बवाल
आईसीसी ने भारत में विश्व कप मैचों के आयोजन स्थलों का सुरक्षा दौरा करके बांग्लादेश के लिए जोखिम को कम से मध्यम श्रेणी में रखा था। तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को बीसीसीआई के निर्देश पर आईपीएल से बाहर किये जाने के बाद बांग्लादेश ने भारत में खेलने से इनकार कर दिया था। भारतीय बोर्ड ने कारण नहीं बताया, लेकिन बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमलों के बीच यह फैसला लिया गया था।