भारत की घरेलू टी20 क्रिकेट प्रतियोगिता सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 का आगाज शनिवार (14 नवंबर) से होने जा रहा है। इस टूर्नामेंट में देश की कुल 38 टीमें खिताब के लिए अपनी चुनौती पेश करेंगी। इनमें 32 टीमें एलीट वर्ग में और छह टीमें प्लेट ग्रुप में शामिल हैं। टूर्नामेंट में कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। ऐसे में क्रिकेट प्रशंसकों के मन में यह सवाल है कि सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के मैचों का लाइव प्रसारण कहां होगा और इन्हें मोबाइल या टीवी पर कैसे देखा जा सकता है। आइए जानते हैं टूर्नामेंट से जुड़ी हर अहम जानकारी।
सूर्यकुमार यादव
- फोटो : ANI
कब से कब तक खेली जाएगी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026?
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 की शुरुआत 14 नवंबर से होगी। टूर्नामेंट में प्लेट और एलीट ग्रुप के मुकाबले खेले जाएंगे। प्लेट ग्रुप का फाइनल 24 नवंबर को नागालैंड के दीमापुर स्थित नागालैंड क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होगा। वहीं, एलीट ग्रुप के मुकाबलों के बाद सुपर लीग चरण खेला जाएगा। इस वर्ग का फाइनल 6 दिसंबर को निर्धारित है। इस तरह टूर्नामेंट का समापन 6 दिसंबर को होगा।
कितनी टीमें लेंगी हिस्सा और क्या होगा टूर्नामेंट का फॉर्मेट?
इस बार प्रतियोगिता में कुल 38 टीमें हिस्सा लेंगी। इन्हें दो वर्गों में बांटा गया है।
- एलीट ग्रुप: एलीट वर्ग में 32 टीमों को शामिल किया गया है। इन टीमों को आठ-आठ टीमों के चार ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप चरण के बाद प्रत्येक ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सुपर लीग में जगह बनाएंगी। सुपर लीग में क्वालिफाई करने वाली आठ टीमों को चार-चार टीमों के दो ग्रुप में रखा जाएगा। इसके बाद दोनों सुपर लीग ग्रुप की शीर्ष टीमों के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। यह फाइनल 6 दिसंबर को होगा।
- प्लेट ग्रुप: प्लेट वर्ग में छह टीमें हिस्सा लेंगी। इस वर्ग में कुल 16 टी20 मुकाबले खेले जाएंगे। प्लेट ग्रुप का फाइनल 24 नवंबर को दीमापुर में आयोजित किया जाएगा।
वैभव सूर्यवंशी
- फोटो : IANS
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 के मैच कितने बजे शुरू होंगे?
टूर्नामेंट के ग्रुप चरण में प्रतिदिन कुल 19 मुकाबले खेले जाएंगे। इनमें एलीट वर्ग के 16 और प्लेट वर्ग के तीन मैच शामिल होंगे। मैचों के समय की बात करें तो प्लेट ग्रुप के मुकाबले भारतीय समयानुसार सुबह 8:30 बजे और दोपहर एक बजे शुरू होंगे। वहीं, एलीट ग्रुप के मैचों के लिए चार अलग-अलग समय निर्धारित किए गए हैं। इनके मुकाबले सुबह नौ बजे, सुबह 11 बजे, दोपहर 1:30 बजे और शाम 4:30 बजे शुरू होंगे। इस तरह क्रिकेट प्रशंसकों को हर दिन कई मुकाबले देखने का मौका मिलेगा।
शमी
- फोटो : ANI
कहां देखें सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 के लाइव मैच?
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 के सभी मुकाबलों का लाइव प्रसारण नहीं किया जाएगा। टूर्नामेंट के कुछ चुनिंदा मैचों का ही टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रसारण होगा।
- टीवी पर कहां देखें: भारत में टूर्नामेंट के चुनिंदा मुकाबलों का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क (Star Sports Network) पर किया जाएगा।
- मोबाइल और ऑनलाइन कहां देखें: जिन चुनिंदा मुकाबलों का डिजिटल प्रसारण होगा, उन्हें जियोहॉटस्टार (JioHotstar) पर लाइव स्ट्रीम किया जाएगा।
- आप Amarujala.com पर भी मुकाबलों के लाइव अपडेट्स पढ़ सकते हैं।