फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोलंबो पहुंचे सूर्यकुमार यादव: श्रीलंका के दिग्गज सनथ जयसूर्या से क्यों मिले? जानें कौन से दिलचस्प सवाल पूछे

Wed, 26 Aug 2026 11:43 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, कोलंबो

सार

सूर्यकुमार यादव इस समय भारतीय टी20 टीम की योजनाओं से बाहर हैं, लेकिन उनकी वापसी की उम्मीद पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। श्रीलंका में एक कार्यक्रम के दौरान पूर्व श्रीलंकाई दिग्गज सनथ जयसूर्या से उनकी मजेदार बातचीत ने भी सोशल मीडिया पर खूब ध्यान खींचा। वहीं, बीसीसीआई के एक सूत्र ने साफ किया है कि घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने पर सूर्यकुमार की टीम इंडिया में वापसी हो सकती है।
विज्ञापन
जयसूर्या को गले लगाते सूर्या - फोटो : Twitter
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कोलंबो में एक कार्यक्रम के दौरान सूर्यकुमार यादव की मुलाकात श्रीलंका के महान बल्लेबाज सनथ जयसूर्या से हुई। दोनों के बीच थोड़ी देर बातचीत हुई और इस दौरान सूर्या ने जयसूर्या के फिटनेस लेवल को लेकर मजाक किया। सूर्यकुमार ने श्रीलंकाई दिग्गज से पूछा कि क्या वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, 'फिट हो रहे हैं, वापसी की कोशिश कर रहे हैं? ऐसा लग रहा है कि 100 फीसदी वापसी की तैयारी है।' सूर्यकुमार की इस बात पर जयसूर्या मुस्कुरा दिए। दोनों के बीच हुई इस छोटी सी बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और फैंस ने इसे खूब पसंद किया।
विज्ञापन


टी20 विश्व कप जिताने के बाद बदला सूर्या का दौर
सूर्यकुमार यादव ने 2026 टी20 विश्व कप में भारतीय टीम की कप्तानी की थी और टीम को खिताब दिलाया था। लेकिन इसके कुछ ही समय बाद उनका दौर अचानक बदल गया। बल्लेबाजी में खराब फॉर्म के चलते उन्हें पहले टी20 टीम की कप्तानी से हटा दिया गया और फिर आयरलैंड तथा इंग्लैंड दौरे के लिए टीम से भी बाहर कर दिया गया। बीसीसीआई ने सूर्यकुमार की जगह श्रेयस अय्यर को टी20 टीम का नया कप्तान बनाया।

हालांकि, अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम का प्रदर्शन भी उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। भारत को आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की सीरीज में 0-2 से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद इंग्लैंड ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में भारत को 4-0 से हरा दिया। सीरीज का पहला मुकाबला बारिश के कारण बेनतीजा रहा था।

बीसीसीआई ने नहीं बंद किए वापसी के दरवाजे
सूर्यकुमार की वापसी को लेकर बीसीसीआई के एक सूत्र ने एएनआई से बातचीत में बड़ा संकेत दिया है। सूत्र के मुताबिक, फिलहाल सूर्यकुमार भारतीय टीम की मौजूदा योजनाओं का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन उनका चयन पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। बीसीसीआई सूत्र ने कहा, 'सूर्यकुमार यादव के लिए दरवाजे अभी भी खुले हैं। वह फिलहाल टीम की योजनाओं में नहीं हैं, लेकिन अगर वह घरेलू क्रिकेट में लगातार रन बनाते हैं तो वह वापसी के लिए योग्य बने रहेंगे।' इससे साफ है कि सूर्यकुमार को टीम में वापसी के लिए घरेलू क्रिकेट में खुद को साबित करना होगा। उनके लिए सबसे बड़ा लक्ष्य लगातार रन बनाकर चयनकर्ताओं का भरोसा दोबारा हासिल करना होगा।
विज्ञापन

क्या फिर दिखेगा ‘360 डिग्री’ वाला सूर्या?
सूर्यकुमार यादव पिछले कुछ वर्षों में टी20 क्रिकेट के सबसे आक्रामक बल्लेबाजों में रहे हैं। मैदान के हर हिस्से में शॉट खेलने की उनकी क्षमता ने उन्हें खास पहचान दिलाई। हालांकि, खराब फॉर्म के कारण टीम से बाहर होने के बाद अब उनकी चुनौती सिर्फ वापसी की नहीं, बल्कि घरेलू क्रिकेट में लगातार प्रदर्शन करने की भी है। बीसीसीआई के संकेतों से इतना जरूर स्पष्ट है कि सूर्यकुमार के लिए टीम इंडिया के दरवाजे पूरी तरह बंद नहीं हुए हैं। अब गेंद खुद सूर्या के पाले में है—घरेलू क्रिकेट में रन बनाइए और वापसी का दावा मजबूत कीजिए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें