न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में भारतीय टीम की बल्लेबाजी क्रम में किए गए एक प्रयोग पर सवाल उठे। कप्तान शुभमन गिल और मुख्य कोच गौतम गंभीर ने अक्षर पटेल को केएल राहुल से पहले बल्लेबाजी के लिए भेजा था। हालांकि, अक्षर इस मौके का फायदा नहीं उठा सके और केवल सात रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद भारतीय टीम मुश्किल में फंस गई। अब पूर्व भारतीय कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने इस फैसले का बचाव किया है। उनका मानना है कि इस तरह के प्रयोग खेल का हिस्सा हैं और हर बार सफल नहीं होते।
अक्षर को राहुल से पहले भेजने पर उठे सवाल
न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में भारत को जीत के लिए केवल 135 रन का लक्ष्य मिला था। हालांकि, छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने 39 रन तक अपने तीन प्रमुख बल्लेबाजों शुभमन गिल, विराट कोहली और रोहित शर्मा के विकेट गंवा दिए। इसके बाद 47 रन के स्कोर पर अक्षर पटेल भी पवेलियन लौट गए। उन्हें केएल राहुल से पहले पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए भेजा गया था, लेकिन वह केवल सात रन बना सके। उनके आउट होने से भारतीय टीम की मुश्किलें और बढ़ गईं। हालांकि, इसके बाद केएल राहुल ने श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर पारी को संभाला। दोनों ने उपयोगी साझेदारी की और भारतीय टीम को मुकाबले में वापस लाने में अहम भूमिका निभाई।
सुनील गावस्कर
- फोटो : ANI
'इस सोच में कुछ भी गलत नहीं था'
अक्षर को राहुल से पहले भेजने के फैसले पर क्रिकेट प्रशंसकों के एक वर्ग ने गिल और गंभीर की रणनीति पर सवाल उठाए। हालांकि, सुनील गावस्कर ने इस फैसले को सही ठहराया। सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर मैच के बाद बातचीत में गावस्कर ने कहा, 'जब कोई बाएं हाथ का बल्लेबाज आता है तो गेंदबाजों को थोड़ी परेशानी होती है, क्योंकि दाएं हाथ के बल्लेबाज के लिए जो लाइन और लेंथ रखी जाती है, उसे बदलना पड़ता है। ऐसा करने की कोशिश में दाएं हाथ के बल्लेबाज के खिलाफ भी गेंदबाज की लाइन थोड़ी बदल सकती है, जिससे रन बनाने के ज्यादा मौके मिलते हैं।'
उन्होंने आगे कहा, 'इस सोच में कुछ भी गलत नहीं था। अगर अक्षर रन बना लेते तो आप कहते कि कप्तानी कितनी अच्छी थी। इस तरह के फैसले कभी काम करते हैं और कभी नहीं करते। इस बार यह काम नहीं आया। आपको यह भी पता था कि उनके बाद राहुल जैसा मजबूत बल्लेबाज मौजूद है। इसी वजह से कभी-कभी प्रयोग किए जाते हैं।'
पहले भी बल्लेबाजी क्रम में ऊपर आए हैं अक्षर
अक्षर पटेल को इससे पहले भी मुश्किल परिस्थितियों में बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजा जा चुका है। टी20 विश्व कप 2024 का फाइनल इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ फाइनल में अक्षर ने विराट कोहली के साथ अहम साझेदारी की थी। इसके अलावा चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भी अक्षर पूरे टूर्नामेंट के दौरान केएल राहुल से पहले पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे थे। भारत ने यह टूर्नामेंट अपने नाम किया था।
बारिश के कारण प्रभावित हुआ मुकाबला
दूसरे वनडे में केएल राहुल और श्रेयस अय्यर ने मिलकर 30 रन की साझेदारी की। बारिश के कारण खेल रुकने तक भारतीय टीम 26 ओवर में सात विकेट पर 113 रन बना चुकी थी। इसके बाद डकवर्थ लुईस (डीएलएस) पद्धति के आधार पर भारत ने यह मुकाबला चार रन से जीत लिया।