ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में 2018 के सैंडपेपर विवाद को लेकर नए खुलासे सामने आ रहे हैं। उस्मान ख्वाजा की किताब 'सब्र' में इस मामले से जुड़े कई दावे किए गए हैं। अब ऑस्ट्रेलिया के पूर्व लेग स्पिनर स्टुअर्ट मैकगिल ने भी अपने खेलने के दिनों में गेंद पर सैंडपेपर का इस्तेमाल करने की बात स्वीकार की है। हालांकि, उन्होंने 2018 के केपटाउन टेस्ट में हुए बड़े बॉल टेम्परिंग विवाद से खुद को अलग बताया।
मैकगिल
- फोटो : Twitter
मैकगिल ने बताया, कैसे करते थे सैंडपेपर का इस्तेमाल
55 वर्षीय मैकगिल ने पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों स्टीव ओकीफ और मोइसेस हेनरिक्स के साथ एक हालिया यूट्यूब शो में यह खुलासा किया। न्यूज18 के मुताबिक, मैकगिल ने बताया कि वह सैंडपेपर का एक छोटा टुकड़ा काटकर अपने अंगूठे पर चिपका लेते थे। उन्होंने कहा, ‘मैं सैंडपेपर का एक छोटा टुकड़ा काटकर अपने अंगूठे पर टेप से चिपका लेता था। मैं किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय धोखाधड़ी वाले विवाद का हिस्सा नहीं था। मैं सिर्फ यह जानने के लिए उत्सुक था कि ऐसा करने से क्या होगा और क्या यह काम करेगा। ऐसा हुआ भी।’
मैकगिल ने यह भी बताया कि वह अंपायरों और दूसरे खिलाड़ियों की नजरों से बचकर गेंद के साथ ऐसा कैसे करते थे। उनके मुताबिक, अंपायर मैदान पर जाते समय गेंद को बाउंड्री के पार करीब 20 मीटर दूर फेंक देते थे और फिर उसे वहीं छोड़ देते थे। इसके बाद खिलाड़ी मैदान पर आते, गेंद उठाते और खेल शुरू करने की तैयारी करते थे।
वॉर्नर-ख्वाजा और ख्वाजा की किताब सब्र
- फोटो : IANS
चाय के बाद गेंद पर करते थे खरोंच
मैकगिल ने अपनी तरकीब के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा, ‘मैं चाय के बाद गेंद उठाता और अपने अंगूठे पर चिपके सैंडपेपर के टुकड़े से उस पर खरोंच लगाता था। इसके बाद सैंडपेपर निकालकर नाली में फेंक देता था। यह सब गेंद फेंके जाने से पहले होता था। किसी को पता नहीं चलता था कि मैं क्या कर रहा हूं। गेंद पर सिर्फ कुछ खरोंच दिखाई देती थीं।’ उनके इस बयान से गेंद से छेड़छाड़ को लेकर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में एक बार फिर चर्चा तेज हो सकती है। इससे पहले उस्मान ख्वाजा ने अपनी किताब 'सब्र' में 2018 के सैंडपेपर विवाद और उसमें खिलाड़ियों की भूमिका को लेकर कई बातें लिखी हैं।
गेंद से छेड़छाड़ करते बैनक्रॉफ्ट
- फोटो : Twitter
क्या था 2018 का सैंडपेपर विवाद?
दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच मार्च 2018 में केपटाउन में खेले गए तीसरे टेस्ट के दौरान बॉल टेम्परिंग का मामला सामने आया था। ऑस्ट्रेलिया के कैमरन बैनक्रॉफ्ट को गेंद पर सैंडपेपर का इस्तेमाल करते हुए कैमरे में पकड़ा गया था। इसके बाद तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ और उपकप्तान डेविड वॉर्नर पर एक-एक साल का प्रतिबंध लगा था, जबकि बैनक्रॉफ्ट को भी सजा दी गई थी। इस विवाद ने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट को बड़ा झटका दिया था। अब ख्वाजा की किताब में किए गए खुलासों और मैकगिल के ताजा बयान ने पुराने मामले को फिर चर्चा में ला दिया है।
मैकगिल
- फोटो : Twitter
ऐसा रहा है स्टुअर्ट मैकगिल का क्रिकेट करियर
स्टुअर्ट मैकगिल ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 44 टेस्ट मैच खेले और 208 विकेट लिए। महान स्पिनर शेन वॉर्न की मौजूदगी के कारण उन्हें अपने करियर में अपेक्षाकृत कम टेस्ट खेलने का मौका मिला। मैकगिल ने टेस्ट करियर में 12 बार एक पारी में पांच विकेट और दो बार मैच में 10 विकेट लेने का कारनामा किया। उन्होंने तीन वनडे अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेले, जिनमें छह विकेट लिए। वनडे में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 19 रन देकर चार विकेट रहा। घरेलू क्रिकेट में न्यू साउथ वेल्स के इस पूर्व खिलाड़ी ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 774 और लिस्ट-ए क्रिकेट में 193 विकेट हासिल किए। टी20 प्रारूप में मैकगिल के नाम 13 विकेट हैं। इनमें से सात विकेट उन्होंने 2011 में बिग बैश लीग के पहले सीजन में सिडनी सिक्सर्स के लिए खेलते हुए लिए थे।