मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) पर खेले गए एशेज सीरीज़ के चौथे टेस्ट में इंग्लैंड ने इतिहास रच दिया। 175 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने भले ही छह विकेट गंवाए, लेकिन अंत में जीत दर्ज कर ली। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया में 18 टेस्ट मैचों से चला आ रहा जीत का सूखा खत्म किया। यह इंग्लैंड की 2011 के बाद ऑस्ट्रेलिया में पहली टेस्ट जीत रही, यानी पूरे 5468 दिनों का इंतजार आखिरकार खत्म हुआ।
एशेज हाथ से निकली, लेकिन जीत खास
हालांकि इस जीत के बावजूद इंग्लैंड एशेज ट्रॉफी दोबारा हासिल नहीं कर सका, क्योंकि ऑस्ट्रेलिया पहले ही सीरीज़ में 3-1 की अजेय बढ़त बना चुका है। फिर भी, यह जीत बेन स्टोक्स की टीम के लिए आत्मविश्वास बढ़ाने वाली और ऐतिहासिक मानी जा रही है।
स्टुअर्ट ब्रॉड के चेहरे पर लौटी मुस्कान
मैच के दौरान सबसे भावुक और यादगार पल तब देखने को मिला जब पूर्व इंग्लैंड तेज़ गेंदबाज़ स्टुअर्ट ब्रॉड कमेंट्री बॉक्स में जीत के क्षण पर भावुक हो गए। जैसे ही इंग्लैंड ने विजयी रन बनाए, ब्रॉड के चेहरे पर बड़ी मुस्कान साफ दिखाई दी।
फैंस ने सोशल मीडिया पर ब्रॉड के पर्थ टेस्ट और मेलबर्न टेस्ट के रिएक्शन की तुलना भी की। पर्थ टेस्ट में जब जो रूट क्लीन बोल्ड हुए थे, तब ब्रॉड का मायूस चेहरा कैमरे में कैद हुआ था। वहीं मेलबर्न में जीत के समय उनका जश्न देखते ही बन रहा था।
बेन स्टोक्स ने बताया टीम एफर्ट
मैच के बाद इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने इस जीत को पूरी टीम का प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने दबाव के बावजूद शानदार फोकस दिखाया। स्टोक्स ने कहा, 'यह सभी का जबरदस्त प्रयास रहा। सही नतीजे के साथ बाहर निकलना बहुत खास महसूस होता है। हम सिर्फ अपने लिए नहीं, बल्कि उन सभी लोगों के लिए खेलते हैं जो हमारा समर्थन करते हैं।' उन्होंने फैंस की भूमिका को भी सराहा और कहा कि दुनिया के किसी भी कोने में इंग्लैंड टीम को जो समर्थन मिलता है, वह खिलाड़ियों को ऊर्जा देता है।
दबाव में भी नहीं टूटा इंग्लैंड
स्टोक्स ने माना कि मैच से पहले टीम पर काफी बातें कही जा रही थीं, लेकिन खिलाड़ियों ने ध्यान भटकने नहीं दिया। उन्होंने कहा, 'मैच से पहले काफी कुछ हो रहा था, लेकिन खिलाड़ियों ने फोकस बनाए रखा और अपने किरदार की पहचान दिखाई। लक्ष्य आसान नहीं था, लेकिन हमने भरोसा बनाए रखा।'