फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Smriti Mandhana: मंधाना ने तोड़ा हिटमैन का रिकॉर्ड, ऐसा करने वाली पहली भारतीय; बाबर को भी पछाड़ने की दहलीज पर

Sat, 18 Apr 2026 01:55 PM IST
Swapnil Shashank स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, डरबन

सार

मंधाना ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वह रोहित शर्मा को पीछे छोड़कर टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली भारतीय बन गई हैं। अब उनकी नजर बाबर को भी पीछे छोड़ने पर है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जा रही है।
विज्ञापन
रोहित शर्मा, बाबर आजम और स्मृति मंधाना - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय महिला टीम की स्टार ओपनर स्मृति मंधाना ने इतिहास रच दिया है। वह पुरुषों और महिलाओं को मिलाकर टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली भारतीय बन गई हैं। इस मामले में उन्होंने रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया। अब वह टी20 अंतरराष्ट्रीय में दुनिया भर के बल्लेबाजों को मिलाकर बाबर आजम को पीछे छोड़ने के करीब हैं। हालांकि, भारतीय महिला टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन

13 रन बनाकर भी तोड़ा रोहित का रिकॉर्ड
डरबन के किंग्समीड स्टेडियम में खेले गए भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच मैच में मंधाना हालांकि बड़ी पारी नहीं खेल सकीं। वह सिर्फ 13 रन बनाकर आउट हो गईं, लेकिन इन 13 रनों की बदौलत उन्होंने रोहित के 4231 रनों के आंकड़े को पार कर लिया। अब मंधाना के नाम टी20 अंतरराष्ट्रीय में 161 मैचों की 155 पारियों में 4244 रन दर्ज हो गए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 124.39 का रहा है। इसमें 33 अर्धशतक और एक शतक शामिल है।

टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा रन (महिला)
खिलाड़ी मैच रन स्ट्राइक
रेट
शतक अर्धशतक
सूजी बेट्स 181 4717 108.56 1 28
स्मृति मंधाना 161 4244 124.38 1 33
हरमनप्रीत कौर 191 3869 109.20 1 15
चमारी अटापट्टू 154 3637 110.58 3 14
सोफी डिवाइन 151 3587 121.55 1 23

रोहित और बाबर के नाम कितने रन?
वहीं, टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास ले चुके रोहित ने 159 टी20 की 151 पारियों में 4231 रन बनाए थे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 140.90 का रहा था। इनमें 32 अर्धशतक और पांच शतक शामिल हैं। टी20 अंतरराष्ट्रीय में पुरुषों में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड पाकिस्तान के बाबर आजम के नाम है। बाबर ने 145 मैचों में 128.02 के स्ट्राइक रेट से 4596 रन बनाए हैं। इनमें 39 अर्धशतक और तीन शतक शामिल हैं। मंधाना बाबर के आंकड़े से 352 रन दूर हैं। वहीं, महिलाओं में टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा रन न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स के नाम हैं। बेट्स ने 181 मैचों में 4717 रन बनाए हैं।

टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा रन (पुरुष)
खिलाड़ी मैच रन स्ट्राइक
रेट
शतक अर्धशतक
बाबर आजम 145 4596 128.02 3 39
रोहित शर्मा 159 4231 140.89 5 32
विराट कोहली 125 4188 137.04 1 38
जोस बटलर 155 4037 147.76 1 28
पॉल स्टर्लिंग 163 3895 134.35 1 24

भारत-द. अफ्रीका मैच में क्या हुआ?
मैच की बात करें तो भारत और दक्षिण अफ्रीका की महिला टीमों के बीच शुक्रवार को पांच टी20 मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला खेला गया। इसमें टीम इंडिया को छह विकेट से हार का सामना करना पड़ा।दक्षिण अफ्रीका की कप्तान एल वोल्वार्ड्ट ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था। भारतीय टीम के लिए शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने पारी की शुरुआत की और पहले विकेट के लिए पांच ओवर में 46 रन जोड़े। वर्मा 20 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 34 रन बनाकर आउट हुईं। इसके ठीक बाद मंधाना भी 13 रन बनाकर आउट हो गईं। 

हरमनप्रीत और रोड्रिग्स ने पारी संभाली
48 रन पर दो विकेट गंवा चुकी भारतीय टीम को जेमिमा रोड्रिग्स और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 71 रन की साझेदारी की। रोड्रिग्स 29 गेंदों पर 36 रन बनाकर आउट हुईं। टीम इंडिया के निचले क्रम के बल्लेबाजों ने निराश किया। किसी ने भी क्रीज पर मौजूद कप्तान कौर का साथ नहीं दिया। कौर 33 गेंदों पर एक छक्का और पांच चौकों की मदद से 47 रन बनाकर नाबाद लौटीं। भारतीय टीम ने 20 ओवर में सात विकेट पर 157 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका के लिए अयाबोंगा खाका ने तीन, टुमी सेखुखुने ने दो, और एन मलाबा ने एक विकेट लिए।

द. अफ्रीका ने 20वें ओवर में हासिल किया लक्ष्य
158 रन के लक्ष्य को दक्षिण अफ्रीका ने 19.1 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। पारी की शुरुआत करने आईं कप्तान एल वोल्वार्ड्ट ने 39 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से 51 रन की पारी खेली। एनेरी डर्कसन 34 गेंदों पर 44 रन बनाकर नाबाद रहीं। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी हुई। क्लो ट्रायोन 16 गेंदों पर 18 रन बनाकर नाबाद रहीं। भारत की तरफ से श्रेयांका पाटिल ने चार ओवर में 26 रन देकर दो विकेट लिए। अरुंधती रेड्डी और श्री चरणी को एक-एक विकेट मिला।
विज्ञापन

हार के बाद क्या बोलीं जेमिमा और मंधाना?
पहले टी20 में जीत के साथ सीरीज में दक्षिण अफ्रीका ने 1-0 की बढ़त बना ली है। दूसरा मैच रविवार को इसी मैदान पर खेला जाएगा। मंधाना के पास इस सीरीज में चार मुकाबले और हैं। ऐसे में वह बाबर के आंकड़े को पीछे छोड़ नया रिकॉर्ड बनाना चाहेंगी। मैच के बाद जेमिमा ने कहा कि भारतीय टीम ने 15-20 रन कम बनाए थे। उन्होंने कहा कि पहली पारी के दौरान परिस्थितियां बल्लेबाजी के अनुकूल नहीं थीं। गेंद रुक कर बल्ले पर आ रही थी। वहीं, मंधाना ने हार के बाद कहा कि एक बैटिंग यूनिट के तौर पर हम खरे नहीं उतरे। उन्होंने कहा कि एक अच्छी चीज यह रही कि हमने दक्षिण अफ्रीका को अच्छी टक्कर दी और मैच आखिरी ओवर तक ले गए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें