बाबर और स्टीव स्मिथ के बीच विवाद
- फोटो : Twitter
सिडनी थंडर के लिए वॉर्नर का शतक
पहले बल्लेबाजी करते हुए सिडनी थंडर ने 20 ओवर में छह विकेट पर 189 का स्कोर बनाया। कप्तान डेविड वॉर्नर ने 65 गेंद पर 11 चौके और चार छक्कों की मदद से 110 रन की पारी खेली। जवाब में सिडनी सिक्सर्स के लिए बाबर आजम और स्टीव स्मिथ ओपनिंग के लिए उतरे। सिक्सर्स ने 10 ओवर में बिना विकेट गंवाए 107 रन बना लिए थे। स्मिथ जहां तेज बल्लेबाजी कर रहे थे, वहीं बाबर की पारी बेहद धीमी थी। तब स्मिथ 27 गेंद में 57 रन और बाबर 33 गेंद में 46 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे। स्मिथ और बाबर के बीच विवाद 11वें ओवर में जाकर हुआ।
11वें ओवर का है पूरा मामला
सिक्सर्स की पारी के 11वें ओवर में क्रिस ग्रीन गेंदबाजी के लिए आए। शुरुआती दो गेंद में दो रन बने। इसके बाद बाबर ने तीसरी, चौथी और पांचवीं गेंद पर कोई रन नहीं बनाया। आखिरी गेंद पर बाबर आजम ने गेंद को लॉन्ग-ऑन की ओर खेला और सिंगल के लिए दौड़ पड़े, लेकिन नॉन-स्ट्राइकर एंड पर मौजूद स्टीव स्मिथ ने उन्हें वापस भेज दिया। बाबर निराश दिखे और ओवर समाप्त होने पर उन्होंने नाराज़गी जताते हुए हाथ हिलाए और स्मिथ से कुछ शब्द भी कहे। इसके बाद 12वें ओवर में सिडनी सिक्सर्स ने पावर सर्ज लिया। बिग बैश लीग में पावर सर्ज एक खास दो-ओवर का फील्डिंग रेस्ट्रिक्शन होता है जिसे बैटिंग टीम अपनी मर्जी से 10वें ओवर के बाद कभी भी ले सकती है।
बिग बैश में पावर सर्ज कैसे काम करता है?
- पावर सर्ज कुल दो ओवर का होता है
- इन दो ओवर में सिर्फ दो फील्डर ही 30-यार्ड सर्कल के बाहर रह सकते हैं
- यानी मैदान खुला मिलने से बाउंड्री और छक्के लगाने में आसानी होती है
पहले क्या होता था?
- पहले टी20 में शुरुआत के छह ओवर पावरप्ले होते थे
- अब बिग बैश लीग में वही छह ओवर दो हिस्सों में बंट गए
- शुरुआत में चार ओवर का पावरप्ले। फिर बाद में बैटिंग टीम की चॉइस पर दो ओवर का पावर सर्ज।
क्यों लाया गया?
पावर सर्ज इसलिए लाया गया ताकि-
- मैच में रणनीति बढ़े।
- कमजोर ओपनिंग वाली टीम भी बाद में रिकवर कर सके।
- बिग हिटर्स को फायदा मिले।
- मैच ज्यादा एंटरटेनिंग बने।
- मान लो कोई टीम 14वें ओवर में सर्ज लेती है।
- अब 14वां और 15वां ओवर में सिर्फ दो फील्डर बाहर, बाकी अंदर।
- बल्लेबाज अगर जम गया है तो आसानी से सर्ज में 25-35 तक रन निकाल सकता है।
- इसलिए बिग बैश में पावर सर्ज को अक्सर गेम-चेंजर माना जाता है।
स्मिथ की रणनीति क्या थी?
स्मिथ ने बाद में बताया कि उनका मकसद पावर सर्ज को एक ओवर बाद लेना और छोटी बाउंड्री को निशाना बनाना था। उनकी रणनीति बिल्कुल योजनाबद्ध थी। पोस्ट-मैच प्रेज़ेंटेशन में स्मिथ ने कहा, 'हमने 10 ओवर पर बात की थी। उन्होंने कहा सर्ज अभी ले लो, लेकिन मैंने कहा नहीं। एक ओवर बाद मैं सर्ज लूंगा। मैं छोटी बाउंड्री पर 30 रन लेने का सोच रहा था और हमने 32 लिए। मुझे नहीं लगता बाबर को मेरा सिंगल ठुकराना पसंद आया।'
पावर सर्ज में हुआ धमाका
स्मिथ ने 12वें ओवर में रायन हेडली की गेंद पर 32 रन ठोककर बिग बैश लीग इतिहास का सबसे महंगा ओवर बना दिया। इस ओवर में तीन छक्के, एक बाउंड्री (फ्री-हिट) और अंत में बेहतरीन कवर ड्राइव देखने को मिला। यह वह ओवर था जिसने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।
बाबर का आउट होना और गुस्सा
हालांकि, पावर सर्ज के दूसरे ओवर यानी 13वां ओवर बाबर के लिए भारी साबित हुआ। नाथन मैकएंड्रयू की गेंद पर वे बैक-ऑफ-अ-लेंथ शॉट खेलते हुए अंदरूनी एज से गेंद को स्टंप्स पर मार बैठे। आउट होते समय बाबर भड़के और सीमा रेखा के कुशन पर बैट मारते हुए पवेलियन लौटे। वे 39 गेंदों पर 47 रन बनाकर लौटे जिसकी स्ट्राइक-रेट मुश्किल से 120 से ऊपर थी।
मैच का परिणाम और बाद की चर्चा
स्मिथ ने 41 गेंदों पर शतक जमाया, जो बिग बैश लीग इतिहास का संयुक्त रूप से दूसरा सबसे तेज शतक था। सिक्सर्स ने 190 का लक्ष्य 17.2 ओवर में पांच विकेट गंवाकर हासिल कर लिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक मैच के बाद बाबर दिखाई नहीं दिए और स्मिथ ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में हिस्सा नहीं लिया ताकि विवाद पर और सवाल न उठें।