हार पर शोएब अख्तर के बदले तेवर
टी20 वर्ल्ड कप सुपर 8 में पाकिस्तान की इंग्लैंड से करारी हार के बाद अख्तर लाइव टीवी शो 'गेम ऑन है' पर नाराज नजर आए। मैच से पहले शो में अख्तर ने कहा था, 'मैं उम्मीद करता हूं कि इंग्लैंड खराब खेले ताकि हम दो अंक ले सकें। अगर भारत बाहर हो जाए और हम सेमीफाइनल में पहुंच जाएं तो हमारी खुशी का ठिकाना नहीं रहेगा।' हालांकि, यह बयान पाकिस्तान की हार के बाद उल्टा पड़ गया और सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। पाकिस्तान की हार के बाद वह अपने कप्तान सलमान अली आगा पर बरस पड़े। उनके यू-टर्न का फैंस मजाक बना रहे हैं। इंग्लैंड से हार के बाद पाकिस्तान पर टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है। अब कोई चमत्कार ही उन्हें सेमीफाइनल में जगह दिला सकता है।
यह भी पढ़ें: Semifinal Qualification Scenario: क्या अब सेमीफाइनल में पहुंच सकता है पाकिस्तान? दिलचस्प हैं ग्रुप-2 के समीकरण
शो के दौरान सकलैन से भिड़ते हफीज
- फोटो : Twitter
शोएब अख्तर ने कप्तान पर उठाए सवाल
पल्लेकेले में मिली हार के बाद अख्तर ने कप्तान सलमान अली आगा की नेतृत्व क्षमता पर सवाल खड़े कर दिए। दिलचस्प बात यह है कि कप्तान नियुक्त किए जाने पर अख्तर ने ही सबसे पहले इस फैसले का स्वागत किया था। अब हार के बाद उन्होंने यू-टर्न लेते हुए कहा कि टीम की अगुवाई के लिए मजबूत नेतृत्व की जरूरत है। शोएब अख्तर के इस आफ्टर और बिफोर के वीडियो को फैंस सोशल मीडिया पर खूब शेयर कर रहे हैं।
सकलैन मुश्ताक की भी हुई किरकिरी
इसी शो में सकलैन मुश्ताक भी इंग्लैंड से मैच से पहले कहते दिखे, 'पाकिस्तान अगर अपने दम पर खेले तो किसी भी टीम को हरा सकती है। उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ पिछला रिकॉर्ड देखने की जरूरत नहीं है। पाकिस्तानी खिलाड़ियों में वह दमखम है। अगर पाकिस्तान जीता तो शोएब की बात सही हो जाएगी।' हालांकि, सकलैन मुश्ताक का चेहरा भी हार के बाद लटक गया। इतना ही नहीं, हार के बाद सकलैन की तो दामाद शादाब खान के प्रदर्शन को लेकर पूर्व ऑलराउंडर मोहम्मद हफीज से तीखी बहस तक हो गई। इस तरह एक बार फिर पाकिस्तान का मजा किरकिरा हो गया। उनके हालात बदल गए, जज्बात बदल गए...।
यह भी पढ़ें: VIDEO: हार के बाद लाइव शो में भिड़े पाकिस्तानी दिग्गज, हफीज और शादाब के ससुर सकलैन मुश्ताक के बीच हुई तीखी बहस
कप्तान आगा ने की ब्रूक की तारीफ
मैच के बाद सलमान अली आगा ने कहा, 'जब भी हम इंग्लैंड से हारते हैं, वजह हमेशा वही होते हैं। इस मैच में जिस तरह उन्होंने बल्लेबाजी की, उसके लिए उन्हें सलाम। वह मैदान के हर हिस्से में शॉट खेल सकते हैं, जिससे चुनौती और बढ़ जाती है।' सलमान ने आगे कहा, 'अगर क्वालिफिकेशन का एक प्रतिशत भी मौका होगा, तो मेरी टीम पूरी कोशिश करेगी।' अब पाकिस्तान को श्रीलंका के खिलाफ आखिरी मैच से पहले अन्य नतीजों का इंतजार करना होगा।