शॉन पोलक ने पाटीदार को आरसीबी का सर्वश्रेष्ठ कप्तान बताया
- फोटो : ANI
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु इस सीजन बेहतरीन प्रदर्शन कर रही है। टीम ने आठ में से छह मैच जीतकर प्लेऑफ की दावेदारी मजबूत कर ली है। इसी बीच दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज शॉन पोलक ने आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार की जमकर तारीफ की।
पोलक ने कहा, 'वह आरसीबी के सबसे महान कप्तान माने जाएंगे। सीधी बात है, अपने पहले ही साल कप्तान बनकर उन्होंने टीम को खिताब जिताया। इस साल भी टीम लगभग प्लेऑफ में पहुंच चुकी है।' उन्होंने आगे कहा, 'इतने वर्षों तक ट्रॉफी नहीं जीतने वाली फ्रेंचाइजी की कमान संभालना और फिर उसे चैंपियन बनाना बड़ी उपलब्धि है। इस समय वह आरसीबी के GOAT यानी ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम कप्तान हैं।'
विराट, द्रविड़ और कुंबले से आगे?
रजत पाटीदार ने आईपीएल 2025 में कप्तानी संभाली थी और पहले ही सीजन में वह कर दिखाया जो विराट कोहली, राहुल द्रविड़, अनिल कुंबले और फाफ डुप्लेसिस जैसे कप्तान नहीं कर सके थे। पाटीदार ने आरसीबी को पहला आईपीएल खिताब दिलाया। इसी वजह से अब उन्हें फ्रेंचाइजी इतिहास का सबसे सफल कप्तान माना जा रहा है।
दिनेश कार्तिक ने भी की तारीफ
आरसीबी के बल्लेबाजी कोच और मेंटर दिनेश कार्तिक ने भी पाटीदार के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि रजत मैदान पर शांत रहते हैं, दबाव में घबराते नहीं और गेंदबाजों का इस्तेमाल समझदारी से करते हैं। कार्तिक के मुताबिक, टीम में पाटीदार को काफी सम्मान मिलता है और उन्हें विराट कोहली, जोश हेजलवुड, क्रुणाल पांड्या और भुवनेश्वर कुमार जैसे अनुभवी खिलाड़ियों का भी अच्छा सहयोग मिलता है।
श्रेयस अय्यर ने भी लिया नाम
हाल ही में पंजाब किंग्स कप्तान श्रेयस अय्यर से पूछा गया कि वह किस कप्तान से सीखना चाहेंगे। उन्होंने चौंकाते हुए एमएस धोनी और रोहित शर्मा जैसे दिग्गजों की जगह रजत पाटीदार का नाम लिया। इस सीजन आरसीबी का संतुलन शानदार नजर आ रहा है। बल्लेबाजी, गेंदबाजी और कप्तानी तीनों विभागों में टीम मजबूत दिख रही है। अगर यही लय जारी रही तो पाटीदार लगातार दूसरे साल टीम को ट्रॉफी दिला सकते हैं।