फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भारत बनाम जिम्बाब्वे: उप-कप्तानी पर क्या बोलीं शेफाली वर्मा? बताया- टीम किस प्रकार का क्रिकेट खेलना चाहती है?

Thu, 15 Oct 2026 06:58 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

भारतीय टी20 उपकप्तान शेफाली वर्मा ने कहा कि टीम 2027 चैंपियंस ट्रॉफी के लिए बेखौफ लेकिन समझदारी भरा क्रिकेट खेलने की तैयारी कर रही है। उन्होंने उपकप्तानी को बड़ी जिम्मेदारी बताया और अपनी वापसी का श्रेय फिटनेस, निरंतरता और मानसिक मजबूती पर किए गए काम को दिया।
विज्ञापन
शेफाली वर्मा - फोटो : PTI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की नवनियुक्त टी20 उपकप्तान शेफाली वर्मा ने कहा है कि अगले साल होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी के लिए टीम बेखौफ लेकिन समझदारी भरा क्रिकेट खेलने की तैयारी कर रही है। उन्होंने उपकप्तानी को बड़ी जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि उनकी भूमिका सिर्फ इस पद तक सीमित नहीं होगी, बल्कि हर खिलाड़ी को सहज महसूस कराने और कप्तान स्मृति मंधाना की मदद करने की भी होगी।

विज्ञापन


भारत और जिम्बाब्वे के बीच शुक्रवार से रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज शुरू होगी। यह सीरीज फरवरी 2027 में मुंबई और वडोदरा में होने वाली पहली छह टीमों की महिला टी20 चैंपियंस ट्रॉफी की तैयारियों के लिहाज से अहम है।

Trending Videos

शेफाली और यस्तिका - फोटो : ANI
'उपकप्तानी सिर्फ एक पद नहीं, बड़ी जिम्मेदारी है'
शेफाली ने अंडर-19 विश्व कप में कप्तानी करने के अपने अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि वह टीम के हर खिलाड़ी का ध्यान रखने और उसे मानसिक रूप से बेहतर स्थिति में रखने की कोशिश करेंगी। उन्होंने मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'उपकप्तानी की बात करें तो मैं अंडर-19 विश्व कप में भी कप्तानी कर चुकी हूं। मुझे इसका अनुभव है। मैं जानती हूं कि उपकप्तानी सिर्फ एक पद नहीं, बल्कि बड़ी जिम्मेदारी है। हमें हर खिलाड़ी का ध्यान रखना है और उसे मानसिक रूप से अच्छी स्थिति में रखना है। मैं हर खिलाड़ी को सहज महसूस कराने और कप्तान की मदद करने की कोशिश कर रही हूं।'

उन्होंने कहा कि टीम ने आगे की रणनीति पर चर्चा की है और खिलाड़ी अपनी भूमिकाओं को लेकर स्पष्ट हैं। शेफाली ने पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर के योगदान की भी सराहना की। उन्होंने कहा, 'हरमन दी ने महिला क्रिकेट को आगे बढ़ाने में बहुत योगदान दिया है। महिला क्रिकेट आज जिस स्थिति में है, उसमें उनका बड़ा हाथ है। अब हमें टी20 में बेखौफ क्रिकेट खेलना है, लेकिन उसके साथ समझदारी भी जरूरी है। हमने इस सीरीज में चैंपियंस ट्रॉफी को ध्यान में रखकर चर्चा की है। कई बैठकें हुई हैं और सभी को पता है कि उन्हें क्या करना है। हम हर सीरीज के साथ आगे बढ़ने की कोशिश करेंगे।'

शेफाली वर्मा - फोटो : BCCI Women
टीम से बाहर होने के बाद फिटनेस और निरंतरता पर किया काम
शेफाली ने अपनी वापसी का श्रेय 2025 में किए गए मेहनत और खुद के खेल का विश्लेषण करने को दिया। वनडे टीम से बाहर होने के बाद उन्होंने अपनी फिटनेस, निरंतरता और मानसिक मजबूती पर काम किया। प्रतिका रावल के चोटिल होने के बाद उन्हें वनडे विश्व कप टीम में वापसी का मौका मिला। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नवी मुंबई में फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार भी जीता।

शेफाली ने हालिया मैचों में 64, 68, नाबाद 40, नाबाद 100 और 48 रन की पारियां खेली हैं। उन्होंने कहा, '2025 में जब मैं टीम से बाहर हुई, तो मैंने बैठकर विश्लेषण किया कि मुझे किन चीजों पर काम करना है। सबसे पहले निरंतरता और फिर फिटनेस, यानी अपने शरीर पर काम करना। मानसिक रूप से भी मुझे और मजबूत होना था। मैंने इन तीनों चीजों पर मेहनत की। मुझे लगता है कि उसी का फायदा अब मिल रहा है। मैं लगातार बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश कर रही हूं।'
विज्ञापन

शेफाली वर्मा-अरुंधति रेड्डी - फोटो : PTI
गेंदबाजी और बल्लेबाजी में भी कर रहीं तैयारी
शेफाली ने बताया कि हरियाणा के लिए 2021 से गेंदबाजी करने के कारण भारतीय टीम में गेंदबाजी की जिम्मेदारी निभाना उनके लिए नया नहीं है। उन्होंने कहा कि वह मानसिक रूप से पहले से ही इसके लिए तैयार थीं। उन्होंने नेट सत्र में अलग-अलग मैच परिस्थितियों के मुताबिक अभ्यास करने पर भी जोर दिया। शेफाली के मुताबिक, वह शॉर्ट गेंदों, स्पिनरों के खिलाफ बैकफुट पर खेलने और पुल शॉट जैसे कौशल पर लगातार काम कर रही हैं, ताकि मैच में किसी भी परिस्थिति का सामना कर सकें।

जेमिमा की गैरमौजूदगी में मध्यक्रम पर भरोसा
चोटिल जेमिमा रोड्रिग्स की गैरमौजूदगी पर शेफाली ने कहा कि टीम का मध्यक्रम एशिया कप और एशियन गेम्स में अच्छा रहा है। उन्होंने ऋचा घोष और हरमनप्रीत के प्रदर्शन का जिक्र किया और युवा निकी प्रसाद से भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद जताई। शेफाली ने कहा, 'जेमी चोट से उबर रही हैं। एशिया कप और एशियन गेम्स में हमारा मध्यक्रम अच्छा रहा था और हमें उनकी कमी बहुत ज्यादा महसूस नहीं हुई। ऋचा और हरमन दी ने अच्छा प्रदर्शन किया है और अब निकी भी टीम में आई हैं। उम्मीद है कि वह मध्यक्रम में अच्छा करेंगी। हम हर खिलाड़ी को मौका देने और पहले की गलतियों को सुधारने की कोशिश करेंगे।'
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें