पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच लाहौर में रविवार को खेले गए ट्राई सीरीज के चौथे वनडे में ऐसा नाटकीय घटनाक्रम देखने को मिला, जिसने सभी को हैरान कर दिया। पाकिस्तान के ऑलराउंडर शादाब खान को एलबीडब्ल्यू आउट दिए जाने के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने हाथ मिलाना शुरू कर दिया। ब्रॉडकास्टर ने भी इंग्लैंड की 20 रन से जीत का एलान कर दिया। हालांकि, तीसरे अंपायर के डीआरएस रिव्यू में शादाब के बल्ले का हल्का किनारा सामने आया और मुकाबला में फिर रोमांच बढ़ गया। अंत में पाकिस्तान ने जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बना ली।
शादाब के आउट होने पर जश्न, फिर डीआरएस ने बदली कहानी
यह घटना पाकिस्तान की पारी के दौरान 44वें ओवर में घटी। तब गस एटकिंसन गेंदबाजी कर रहे थे। उनके ओवर की पहली गेंद पर शादाब ने छक्का लगाया और 97 के निजी स्कोर पर पहुंचे। तब पाकिस्तान को जीत के लिए 21 रन की जरूरत थी, जबकि उसके नौ विकेट गिर चुके थे। एटकिंसन के ओवर की दूसरी गेंद पर अंपायर ने शादाब को एलबीडब्ल्यू आउट दे दिया। शादाब ने निराशा में अपना बल्ला जमीन पर पटका और इंग्लैंड के खिलाड़ियों से हाथ मिलाने लगे। ऐसा लग रहा था कि मुकाबला खत्म हो गया है।
इसी बीच अल्ट्राएज में गेंद के बल्ले से गुजरने के दौरान हल्का स्पाइक दिखाई दिया। इससे पता चला कि गेंद शादाब के बल्ले का किनारा लेकर पैड पर लगी थी। लिहाजा, उन्हें नॉटआउट करार दिया गया और पाकिस्तान की जीत की उम्मीदें फिर जाग उठीं। सोशल मीडिया पर सवाल उठे कि शादाब ने रिव्यू कब लिया, क्योंकि शुरुआत में कैमरे में उनका रिव्यू मांगना नजर नहीं आया था। हालांकि, दूसरे कैमरा एंगल से सामने आया कि शादाब ने डीआरएस लिया था। पाकिस्तान के पास उस समय एक रिव्यू बचा हुआ था।
154 रन पर नौ विकेट गिरने के बाद शादाब का शतक
शादाब ने नाबाद शतकीय पारी खेलकर पाकिस्तान को संकट से निकाला। एक समय टीम का स्कोर 154 रन पर नौ विकेट था और इंग्लैंड की जीत लगभग तय मानी जा रही थी। लेकिन शादाब ने हार नहीं मानी और आखिरी विकेट के लिए हरीस रऊफ के साथ अहम साझेदारी की। रऊफ ने 19 गेंदों पर सात रन बनाए और शादाब का बखूबी साथ दिया। शादाब को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने जीत के बाद कहा, 'जब टीम जीतती है, तभी पारी का असली आनंद आता है। मैं बहुत खुश हूं कि मैंने ऐसी पारी खेली और हम मैच जीत गए। मुझे लगता है कि हरीस मुझसे ज्यादा श्रेय के हकदार हैं।'
उन्होंने आगे कहा, 'विचार सिर्फ विश्वास बनाए रखने का था। अगर हम विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बना सके, तो वे ऐसी जगह गेंदबाजी कर सकते थे, जो मेरे खेल के अनुकूल हो।' इस जीत के साथ पाकिस्तान ने ट्राई सीरीज के फाइनल में जगह पक्की कर ली है, जबकि इंग्लैंड पर टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है।
इंग्लैंड का पारी
मैच की बात करें तो पाकिस्तान के कप्तान शाहीन अफरीदी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 46.4 ओवर में 241 रन बनाए और टीम ऑलआउट हो गई। टॉम बैंटन चार रन, जो रूट पांच रन, कप्तान हैरी ब्रूक एक रन, जॉर्डन कॉक्स छह रन, विल जैक्स 13 रन, लियाम डॉसन पांच रन, जेमी ओवरटन 10 रन और हेनरी क्रोकॉम्बे आठ रन बना सके। बेन डकेट ने 111 गेंद में 10 चौके और दो छक्के की मदद से 105 रन की पारी खेली। वहीं, सैम करन ने 52 गेंद में पांच चौके की मदद से 42 रन बनाए। पाकिस्तान की ओर से कप्तान अफरीदी ने चार और रजाउल्लाह ने दो विकेट लिए। हारिस रऊफ को एक विकेट मिला।
पाकिस्तान की पारी
जवाब में पाकिस्तान की टीम को लगातार झटके मिलते रहे। टीम ने 31 रन तक फखर जमां (10), सैम अयूब (6) और बाबर आजम (10) के विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद साद बेग और सलमान आगा ने चौथे विकेट के लिए 43 रन की साझेदारी कर पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन साद के आउट होते ही विकेट की झड़ी लग गई। साद 22 गेंद में सात चौके की मदद से 32 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, आगा 26 रन बना सके। हसन नवाज 15 रन, अराफात मिनहास एक रन, शाहीन चार रन और रजाउल्लाह आठ रन बना सके। इसके बाद शादाब ने हारिस रऊफ के साथ 10वें विकेट के लिए 89 रन की नाबाद साझेदारी कर पाकिस्तान टीम को जीत दिलाई। शादाब 96 गेंद में 13 चौके और पांच छक्के की मदद से 113 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, हारिस सात रन बनाकर नाबाद रहे। इंग्लैंड की ओर से ओवरटन ने तीन विकेट लिए, वहीं एटकिंसन और डॉसन को दो-दो विकेट मिले। क्रोकॉम्बे और जैक्स को एक-एक विकेट मिला।